बिलासपुर. रसूख के आगे सब फेल नजर आता है, ऐसा हम इसलिए कह रहें हैं क्योंकि कोर्ट में पेशी होने के बाद बलात्कार और पाक्सो एक्ट के आरोपी को पुलिस वाले सीधे जेल ना ले जाकर बृहस्पति बाजार ले गए. फिर आरोपी ने एक फल दुकान के पीछे दोस्तों के साथ जमकर पार्टी की. जहां पूरी, छोले-भटूरे सहित पानी की बोतल की व्यवस्था की गई थी. पार्टी के दौरान पुलिसकर्मी हाथ में हथकड़ी रखकर आराम से बैठे रहे. इधर मामला उजागर होने पर दो पुलिसकर्मियों को नोटिस जारी कर पुलिस विभाग द्वारा खानापूर्ति की गई है.
बता दें, कि केन्द्रीय जेल में बंद बलात्कार और पाक्सो एक्ट का आरोपी योगेश वर्मा समेत एक अन्य बंदी को बीते 4 मार्च को पुलिस लाइन के 7 पुलिसकर्मी जेल से पेशी कराने के लिए कोर्ट लेकर गए थे. पेशी होने के बाद पुलिसकर्मी दोनों बंदियों को लेकर वापस जेल लौट रहे थे. इसी दौरान आरोपी योगेश वर्मा के दोस्त बृहस्पति बाजार में फल दुकान के पास उसके आने का इंतजार कर रहे थे. पुलिसकर्मी आरोपियों को लेकर सीधे बृहस्पति बाजार एक फल दुकान के पीछे गए. जहां योगेश वर्मा के दोस्तों ने पार्टी की पूरी तैयारी कर रखी थी. पुलिसकर्मियों की उपस्थिति में आरोपी योगेश वर्मा ने छोले भटूरे, पुरी खाकर दोस्तों के साथ जमकर पार्टी की. वहीं दूसरा बंदी और पुलिसकर्मी उसकी पहरेदारी करते रहे. मामला उजागर होने पर आरक्षक सोमेश्वर श्रीवास और सुरेंद्र डहरिया को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया है.


