मकान का किराया चुकाने किडनी बेचने का विज्ञापन वायरल:बेंगलुरु में खंबे पर चिपकाया, लोग बोले- दायीं किडनी बेचनी चाहिए, ‘लेफ्ट’ के खरीदार कम हैं

सोशल मीडिया पर बेंगलुरु के एक शख्स का किडनी बेचने का ऐड वायरल हो रहा है। इसमें लिखा है- लेफ्ट किडनी ऑन सेल। मकान मालिक को सिक्योरिटी डिपॉजिट देने के लिए पैसे की जरूरत है। राम्यख नाम के यूजर ने इसे ट्विटर पर शेयर किया है।

पहली लाइन के ठीक नीचे लिखा है- “मजाक कर रहा हूं, लेकिन मुझे इंदिरानगर में एक घर चाहिए। प्रोफाइल के लिए कोड स्कैन करें।” ऐड देने वाले शख्स ने इसके साथ ही QR कोड भी प्रिंट किया है।

इंटरनेट पर वायरल होने के बाद कई यूजर टेक्नो कैपिटल में किराए पर मिलने वाले घरों के बहुत ज्यादा अमाउंट और डिपॉजिट मनी पर रिएक्ट कर रहे हैं।

कई यूजर बोले- मैं भी यही करूंगा
इस वायरल पोस्टर ने बेंगलुरु में घरों के बढ़ते किराए और डिपॉजिट अमाउंट पर बहस को आगे बढ़ाया है। बेंगलुरु में देश और दुनिया से आकर कई लोग रहते हैं। अनीता राणे नाम की एक यूजर ने इस कदम की सराहना की और लिखा, “मैं भी 100% यही करूंगी और मार्केटिंग टेक्टिक्स का सहारा लूंगी।”

पढ़िए यूजर्स के मजेदार रिएक्शन…

1. अभितोष नाम के यूजर ने लिखा- हाउस हंट के दौरान मना करने पर लैंडलॉर्ड नाराज हो गया। क्योंकि मैंने कह दिया था कि मुझे आपको अमीर बनाने में कोई दिलचस्पी नहीं है। इसके बजाय मैं होंडा सिटी चुनूंगा और लंबी यात्रा के लिए EMI का भुगतान करूंगा।

2. रॉकेट हेल्थ नाम के यूजर ने लिखा कि मुझे शक है कि इन दिनों डिपॉजिट के लिए किडनी भी कम पड़ेगी।

3. प्रभांशु राजपूत नाम के यूजर ने लिखा कि इस बीच सरकारी अधिकारी सोच रहे हैं कि वे इसे कैसे पकड़ सकते हैं। अंग तस्करी को बढ़ावा देने, बिजली के खंबों पर बिना परमिशन विज्ञापन लगाने या फिर गरीब होने के लिए।

4. पराग जोशी नाम के एक यूजर ने लिखा- सेल पर लेफ्ट नहीं राइट किडनी को डाल देना चाहिए था। भारत में हाल ही में वामपंथियों (लेफ्ट) के बहुत कम खरीदार हैं।

.

Recent Stories