शेयर बाजार में हफ्ते के चौथे कारोबारी दिन, यानी गुरुवार (15 फरवरी 23) को तेजी देखने को मिल रही है। सेंसेक्स करीब 300 अंकों की तेजी के साथ 61,580 के करीब कारोबार कर रहा है। वहीं निफ्टी में भी करीब 90 अंकों की तेजी है। यह 18,100 के करीब कारोबार कर रहा है। सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 23 शेयरों में तेजी और 7 शेयरों में गिरावट है। बाजार की तेजी में IT, मेटल और रियल्टी स्टॉक्स सबसे आगे हैं।
राकेश गंगवाल की पत्नी ने इंडिगो में 4% हिस्सेदारी बेची
इंडिगो एयरलाइन्स के को-फाउंडर राकेश गंगवाल की पत्नी पत्नी शोभा गंगवाल ने एक ब्लॉक डील के जरिए इंटरग्लोब एविएशन में लगभग 4% हिस्सेदारी लगभग 2,930 करोड़ रुपए में बेच दी है। इस ब्लॉक डील के कारण आज इसके शेयर में 4% से ज्यादा की गिरावट है। रॉयटर्स की एक रिपोर्ट में कहा गया है कि शोभा गंगवाल ने बिक्री के लिए फ्लोर प्राइस 1,875 रुपए प्रति शेयर निर्धारित किया था।
ये बुधवार के क्लोजिंग प्राइस से 5.6% कम है। इंडिगो का शेयर बुधवार को NSE पर 1,986 रुपए में बंद हुआ था। आज ये 1,900 रुपए के करीब कारोबार कर रहा है। रिपोर्ट में कहा गया है कि आज की ब्लॉक डील से पहले शोभा गंगवाल के पास कंपनी की 7.04% हिस्सेदारी थी, जबकि राकेश गंगवाल की एयरलाइन में 13.23% हिस्सेदारी है। उनके चिंकरपू फैमिली ट्रस्ट की 13.50% हिस्सेदारी है।
अडाणी ग्रुप के 10 में से 9 स्टॉक्स में तेजी
लंबे समय के बाद आज अडाणी ग्रुप के 10 में से 9 स्टॉक्स में तेजी देखी जा रही है। ग्रुप की फ्लैगशिप कंपनी अडाणी एंटरप्राइजेज और पोर्ट्स का शेयर करीब 2.5% चढ़ा है। पावर, विल्मर और NDTV में 5% का अपर सर्किट लगा है। वहीं ग्रीन एनर्जी का शेयर 3% से ज्यादा बढ़कर कारोबार कर रहा है। ट्रांसमिशन, अंबुजा सीमेंट और ACC में 1% से ज्यादा की तेजी है। अडाणी टोटल गैस में 2% की गिरावट है।
बुधवार को सेंसेक्स में रही 242 अंकों की तेजी
भारतीय शेयर बाजार में हफ्ते के तीसरे कारोबारी दिन, यानी बुधवार (15 फरवरी 23) को तेजी देखने को मिली। सेंसेक्स 242 अंकों की तेजी के साथ 61,275 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं निफ्टी में 86 अंकों की तेजी रही। यह 18,015 के स्तर पर बंद हुआ। बाजार में लगातार दूसरे दिन तेजी आई है। सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 20 शेयरों में तेजी और 10 शेयरों में गिरावट रही।