बलौदाबाजार। रायपुर–बिलासपुर नेशनल हाईवे (NH-130) पर शुक्रवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से यात्री बस को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे बस में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। हादसे में 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 29 यात्री घायल हो गए हैं। सभी घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है।
घटना के बाद आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने में मदद की। हादसे में कुल 5 यात्रियों की मौत हो गई है। वहीं 29 लोग घायल बताए जा रहे हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए सिमगा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।
हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही सिमगा थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू करते हुए मामले की जांच में जुट गई है। वहीं पुलिस फरार चालक की तलाश कर रही है।
मृतकों के नाम
इस हादसे में कुल 5 लोगों की मौत हुई है। मृतकों में त्रिवेणी साहू (62) निवासी बाबा मोहतरा बेमेतरा, दशरथ साहू (80) निवासी बाबा मोहतरा बेमेतरा, राधिका निर्मलकर (24) निवासी बेतर और खुशी साहू (2 वर्ष) निवासी बाबा मोहतरा बेमेतरा शामिल हैं। वहीं एक अज्ञात 18 वर्षीय महिला की मौत रायपुर के मेकाहारा अस्पताल में इलाज के दौरान हुई है।
घायलों की जानकारी
हादसे में कई यात्री घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। घायलों में जानकी निषाद (55) निवासी कपसदा धरसींवा, अवधराम निषाद (60) निवासी कपसदा धरसींवा, ईश्वरी साहू (35) निवासी बलौदाबाजार, राजकुमार निषाद (30) निवासी रायपुर, सरोजनी साहू (27) और योगिता साहू (4 माह) निवासी बाबा मोहतरा बेमेतरा, दिलेश्वर डहरिया (50) व प्रमिला डहरिया (45) निवासी सोनपुरी, संदीप (13), सुनील (10) और जानवी (8) निवासी सोनपुरी, मनोज साहू (37) निवासी बलौदाबाजार शामिल हैं। वहीं ओम (18) निवासी किरवई, राज निर्मलकर (25) निवासी बेलर, ललित साहू (37) निवासी उरकुरा रायपुर, संतोष बंजारे (40) व शिवम बंजारे (15) निवासी दुधिया नवागांव, बंसत पैकरा (24) निवासी पुडू रतनपुर, रीता दास (56) निवासी भिलाई, मदनलाल धृतलहरे (65) निवासी चकवाय, पुरानिक राम (55) निवासी रायपुर, पंजाब राम (47) निवासी तारागंज, खुशबू निषाद (27) निवासी भोथा मंगरलोड, देव निर्मलकर निवासी बेतल, गौरव निर्मलकर (4) निवासी बेतर, सैयद रहमद (25) निवासी रायपुर, गायत्री चंद्राकर (56) व दिव्या भारती (34) निवासी दुर्ग तथा छहुरा आहीर (56) निवासी जांजगीर-चांपा (डिघोरा) को गंभीर हालत में रायपुर के मेकाहारा अस्पताल रेफर किया गया है।


