महाराष्ट्र में सियासी समीकरण तेजी से बदल रहा है। शिवसेना के विधायकों का मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे का साथ छोड़कर एकनाथ शिंदे कैंप को ज्वाइन करने का सिलसिला जारी है। शुक्रवार सुबह खबर आई है कि मुंबई से दो और शिवसेना विधायक गुवाहाटी के लिए रवाना हो गए हैं। ये चांदीवली से विधायक दिलीप लांडे और गुहागर से विधायक भास्कर जाधव हैं। बाकी 5 और निर्दलीय विधायक शिंदे का शाम तक दामन थाम सकते हैं।
1. शिंदे आज भाजपा के साथ गठबंधन को लेकर कोई बड़ा ऐलान कर सकते हैं।
2. शिंदे ने डिप्टी स्पीकर नरहरि जिरवाल को एक चिट्ठी भेजी है, जिसमें उनके समर्थन में 37 विधायकों के हस्ताक्षर हैं। शिंदे ने इस चिट्ठी की एक-एक कॉपी राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी और विधान परिषद के सचिव राजेंद्र भागवत को भी भेजी है। नरहरि इस पर कोई फैसला ले सकते हैं।
3. उद्धव ठाकरे आज दोपहर एक बजे मातोश्री में सभी जिला प्रमुखों और शाखा प्रमुखों के साथ एक बैठक करेंगे।
1. असम के गुवाहाटी में मौजूद शिंदे गुट के बागी विधायक संजय शिरसाट ने कहा कि पहले कई बार विधायकों ने उद्धव जी से कहा था कि कांग्रेस हो या NCP, दोनों ही शिवसेना को खत्म करने की कोशिश कर रहे हैं। कई बार विधायकों ने उद्धव जी से मिलने के लिए समय मांगा लेकिन वे उनसे कभी नहीं मिले।
2. संजय राउत ने नारायण राणे पर निशाना साधा है। राणे के उस बयान का जिक्र किया जिसमें उन्होंने शरद पवार को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। राणे ने कहा था कि शरद पवार अगर महाविकास अघाड़ी की सरकार बचाने की कोशिश करेंगे तो उन्हें घर नहीं जाने दिया जाएगा। हम उन्हें रास्ते में ही रोक देंगे। राउत ने कहा कि सरकार रहेगी या जाएगी..लेकिन शरद पवार के मामले में ऐसी भाषा महाराष्ट्र को स्वीकार्य नहीं है।
शिंदे कैंप को अब तक 14 निर्दलीय विधायकों का समर्थन मिल चुका है। 5 निर्दलीय विधायक गुरुवार देर रात मुंबई से सूरत पहुंचे और गुवाहाटी के लिए रवाना हो गए हैं। वहीं, 9 निर्दलीय विधायक राजकुमार पटेल, चंद्रकांत पाटिल, नरेंद्र भोंडेकर, किशोर जोर्गेवार, मंजुला गावित, विनोद अग्रवाल, गीता जैन, बच्चू कडू और राजेंद्र यडरावकर पहले से ही गुवाहाटी में मौजूद हैं।
महाराष्ट्र में जारी राजनीतिक संकट के बीच शिवसेना के बागी विधायक एकनाथ शिंदे ने खुद को विधायक दल का नेता घोषित कर दिया है। उन्होंने डिप्टी स्पीकर नरहरि जिरवाल को एक चिट्ठी भेजी है, जिसमें उनके समर्थन में 37 विधायकों के हस्ताक्षर हैं।
गुरुवार को महाराष्ट्र के सियासी घमासान का तीसरा दिन था। देर शाम तक सामने आए एक वीडियो में शिवसेना के बागी नेता एकनाथ शिंदे ने आखिरकार इशारों में बता ही दिया कि उनके पीछे कौन सी महाशक्ति काम कर रही है। उन्होंने समर्थक विधायकों से बताया कि जो कुछ भी सुख-दुख है, वह हम सभी का एक है। चाहे जो कुछ हो जाए, हम सब एकजुट हैं और वह भी हमारे अपने ही हैं। वे नेशनल पार्टी हैं। वे महाशक्ति हैं।
इस बीच NCP चीफ शरद पवार ने कहा कि बागियों को बड़ी कीमत चुकानी होगी। उधर, शिवसेना सांसद संजय राउत ने नाराज विधायकों को मनाने के लिए महा विकास अघाडी गठबंधन (MVA) से अलग होने की बात कही।


