केंद्र सरकार की अग्निपथ योजना के खिलाफ बिहार के कई जिलों में दूसरे दिन भी अभ्यर्थियों का प्रदर्शन जारी है। गुरुवार को जहानाबाद, बक्सर और नवादा में ट्रेन रोकी गई। छपरा और मुंगेर में सड़क पर आगजनी के बाद जमकर प्रदर्शन हो रहा है। इन लोगों का कहना है कि सरकार अपना फैसला वापस ले।
प्रदर्शनकारियों ने गुरुवार की सुबह से ही मुंगेर में पटना-भागलपुर मुख्य मार्ग को सफियाबाद के पास जाम कर दिया है। नवादा में सैकड़ों युवा केंद्र सरकार के खिलाफ प्रजातंत्र चौक पर जमकर हंगामा कर रहे हैं।वहीं जहानाबाद में छात्रों ने गया-पटना रेलवे ट्रैक को जाम कर दिया और शहर में आगजनी कर रहे हैं।
जहानाबाद में छात्रों ने पटना-गया रेलखंड को निशाना बनाते हुए पटना-गया मेमू सवारी गाड़ी को जहानाबाद स्टेशन के पास रोक कर विरोध प्रदर्शन किया। वहीं ट्रेन रोके जाने की सूचना के बाद रेल पुलिस मौके पर पहुंचकर छात्रों को समझाने में जुटी हुई है।
दूसरी तरफ छात्रों ने शहर के स्टेशन इलाके के काको मोड़ के पास सड़क पर आगजनी कर सड़क भी जाम कर दिया है।


