रांची में नमाज के बाद हिंसा, कर्फ्यू:मंदिर पर पथराव के बाद पुलिस ने हवाई फायरिंग की, 1 की मौत; बिहार के मंत्री पर हमला

पैगंबर पर विवादित टिप्पणी को लेकर रांची में शुक्रवार को नमाज के बाद हिंसक प्रदर्शन हुआ। प्रदर्शनकारियों ने पथराव और आगजनी किया। हालात संभालने पहुंची पुलिस पर भी पत्थर फेंके गए। कई पुलिस अफसर घायल हुए हैं। एक किशोर की मौत हुई है। 12 लोग घायल हुए हैं। भीड़ को संभालने के लिए पुलिस ने हवाई फायरिंग की। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने महावीर मंदिर पर पत्थरबाजी की। इस घटना के बाद हिंदू संगठन भी सड़कों पर उतर आए हैं।

बिहार के पथ निर्माण मंत्री नितिन नवीन पर भी उपद्रवियों ने हमला कर दिया। उनकी गाड़ी में तोड़फोड़ की गई है। पुलिस उपद्रवियों से बचाकर उन्हें सुरक्षित जगह ले गई है। नवीन भाजपा के कोटे से नीतीश सरकार में मंत्री हैं। तनाव बढ़ने के बाद भारी तादाद में पुलिस और सुरक्षा बल तैनात कर दिया गया है। रांची के मेन रोड पर कर्फ्यू लगा दिया गया है।

जान बचाने के लिए महावीर मंदिर में छिपे लोग

महावीर मंदिर पर पत्थरबाजी के दौरान जान बचाने के लिए लोग मंदिर में छिप गए। पुलिस ने भीड़ को काबू करने के लिए लाठीचार्ज और आंसू गैस के गोले दागे। हवाई फायरिंग भी की। भीड़ ने विधायक अमित यादव के गाड़ी के कांच फोड़ दिए। मुस्लिम संगठन शुक्रवार को BJP से निष्कासित प्रवक्ता नुपूर शर्मा के बयान का विरोध कर रहे थे। विरोध में सुबह से ही डेली मार्केट की 3000 से ज्यादा दुकानें बंद रहीं। जुमे की नमाज के बाद बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी सड़क पर उतर गए। पुलिस ने उन्हें रोका तो भीड़ उग्र हो गई और इनकी पुलिस से भिड़ंत हो गई। उर्दू लाइब्रेरी और महावीर मंदिर के पास प्रदर्शनकारियों ने पत्थरबाजी शुरू कर दी।

एक पुलिसकर्मी सीनियर अधिकारी से फोन पर बात करते हुए कहता है, ‘देखिए-देखिए पत्थर चल रहा है। सर पत्थर चल रहा है, हमको कमर पर लगा है। मेरा मोबाइल टूट गया। जल्दी से फोर्स भेज दीजिए। सर पत्थर चला रहा है।’

मुख्य बाजार में सभी दुकानें बंद, ड्रोन से की जा रही निगरानी

रांची DIG अनीश गुप्ता ने मोर्चा संभाला। आंसू गैस के लगातार गोले दागे गए। बड़ी संख्या में पुलिस कर्मियों की तैनाती मेन रोड में कर दी गई है। मुख्य बाजार की लगभग 5 हजार से ज्यादा दुकानें बंद हो गई हैं। जुमे की नमाज के मद्देनजर इलाके में आधा दर्जन से अधिक ड्रोन कैमरे से निगरानी की जा रही थी। सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। रैपिड एक्शन फोर्स व इको कंपनी की भी तैनाती की गई थी, लेकिन ये सभी कम पड़ गई।

.

Recent Stories