नवजोत सिद्धू PGI चंडीगढ़ में भर्ती:लिवर इंफेक्शन के बाद डॉक्टरों ने शुरू किया इलाज; रोड रेज केस में काट रहे सजा

पंजाब कांग्रेस नेता और पूर्व क्रिकेटर नवजोत सिद्धू को PGI चंडीगढ़ में भर्ती किया गया है। सिद्धू के लिवर में इंफेक्शन के बाद हेप्टोलॉजी वार्ड में भर्ती किया गया है। सिद्धू इस वक्त पटियाला सेंट्रल जेल में एक साल कैद की सजा काट रहे हैं। सिद्धू को 34 साल पुराने रोड रेज केस में सुप्रीम कोर्ट से एक साल की सजा हुई। उन्हें कल कड़ी सुरक्षा में पटियाला जेल से PGI लाया गया। डॉक्टरों की टीम लगातार उनकी देखरेख कर रही है।

सिद्धू ने जेल में खुद को लिवर की प्रॉब्लम बताई है। ब्लड क्लॉटिंग (खून के थक्के बनना), यानी गाढ़े खून की भी दिक्कत बताई। सिद्धू ने कहा कि उन्हें गेहूं से भी एलर्जी है, इसलिए उन्होंने जेल की दाल-रोटी नहीं खाई। इसकी जगह वह सिर्फ फल और सलाद खा रहे थे। इसके लिए सिद्धू ने कोर्ट में याचिका दायर की थी। इसके बाद राजिंदरा अस्पताल के डॉक्टरों के बोर्ड ने सिद्धू का डाइट प्लान तैयार किया था।

नवजोत सिद्धू को सुप्रीम कोर्ट ने बामशक्कत कैद की सजा सुनाई है। सुरक्षा देखते हुए उनसे जेल की फैक्ट्री या बेकरी में काम नहीं लिया जा रहा। सिद्धू को जेल ऑफिस का काम सौंपा गया है। वह बैरक में रहकर ही फाइलें देखेंगे। सिद्धू को अभी काम के बदले कोई वेतन नहीं मिलेगा। अभी वह अकुशल कर्मचारी हैं। 3 महीने बाद उन्हें अर्धकुशल होने पर 30 रुपए प्रतिदिन और फिर कुशल होने पर 90 रुपए प्रतिदिन दिए जाएंगे।

.

Recent Stories