नई दिल्ली: चक्रवाती तूफान ‘फेंगल’ के शनिवार को दिन में पुडुचेरी के निकट पहुंचने की संभावना है. इसके समुद्र तट की ओर बढ़ने के बीच उत्तरी तमिलनाडु के कई हिस्सों में शनिवार को तेज हवाओं के साथ भारी बारिश हुई, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ. तटीय क्षेत्रों में शुक्रवार रात पहले रुक-रुककर और फिर भारी बारिश हुई जिससे कई इलाकों में जलभराव हो गया तथा निचले इलाके मदीपक्कम के कई निवासियों ने अपने वाहनों को पास के वेलाचेरी फ्लाईओवर के दोनों ओर खड़ा कर दिया. ऐसे ही कई अन्य इलाकों के निवासियों ने भी अपने वाहन सुरक्षित स्थानों पर खड़े कर दिए.
सड़कें मुख्य रूप से सुनसान रहीं और विभिन्न स्थानों पर नागरिक कार्यकर्ता, पुलिस और अग्निशमन एवं बचावकर्मियों को तैनात किया गया है. विमानों का प्रस्थान और आगमन भी कुछ हद तक प्रभावित हुआ है. चेन्नई मेट्रो रेल ने कहा कि उसकी सेवाएं सुचारू रूप से चालू हैं और इसने लोगों को उन खास स्टेशन पर पार्किंग क्षेत्रों के बारे में सूचित किया जहां पानी भरने की आशंका है.
सरकार ने पहले ही 30 नवंबर को शैक्षणिक संस्थानों के लिए अवकाश घोषित कर दिया था और सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) कंपनियों से अनुरोध किया था कि वे अपने कर्मचारियों को घर से काम करने की सुविधा दें.
90 किलोमीटर प्रति घंटे तक चलेगी हवा
भारत मौसम विभाग के अनुसार इस दौरान हवा की गति 90 किलोमीटर प्रति घंटे तक हो सकती है. तूफान के मद्देनजर अधिकारियों ने स्थानीय लोगों को घरों में रहने की सलाह दी है. जिलाधिकारी ए कुलोथुंगन ने पीडब्ल्यूडी, स्थानीय प्रशासन, पुलिस और अन्य विभागों के अधिकारियों के साथ चर्चा की और हालात की समीक्षा की. वहीं भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने मछुआरों को चेतावनी जारी करते हुए उन्हें समुद्र में न जाने की सलाह दी है.


