गुजरात कांग्रेस नेता ने मांगी पत्नी से मुक्ति:भरत सिंह ने कहा- उसे सिर्फ मेरी प्रॉपर्टी में दिलचस्पी; तलाक लेकर तीसरी शादी करना चाहता हूं

गुजरात कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री और प्रदेश अध्यक्ष भरत सिंह सोलंकी ने अपनी पत्नी से विवाद को लेकर आज अहमदाबाद में प्रेस कॉन्फ्रेंस की। उन्होंने कहा, ‘मेरी पत्नी रेशमा की सिर्फ मेरी प्रॉपर्टी में दिलचस्पी है। उसे मेरी मौत का इंतजार है। विपक्षी दल मेरी पत्नी के साथ मिलकर मेरे 30 साल के राजनीतिक करियर को खत्म करने की कोशिश कर रहे हैं। मैं तीसरी शादी करने जा रहा हूं और पत्नी रेशमा से तलाक का इंतजार कर रहा हूं।’

चुनाव के वक्त ही विवाद शुरू होता है
उन्होंने आगे कहा, ‘मैंने 1992 में राजनीति में प्रवेश किया। कांग्रेस के एक छोटे से कार्यकर्ता से लेकर गुजरात के प्रदेश अध्यक्ष तक की जिम्मेदारी मिली। पिछले कुछ समय से मेरी पत्नी के विवाद का फायदा अब विरोधी भी उठा रहे हैं। जब भी चुनाव आते हैं तो पत्नी और मेरे बीच के किसी न किसी विवाद को हवा दे दी जाती है। यह सिर्फ चुनाव के वक्त ही होता है।’

पारिवारिक विवाद क्या और कहीं नहीं हैं?
‘मैं राजनीति में हूं तो ही इसे बड़े विवाद के रूप में देखा जाता है। इस देश में ऐसे कई परिवार, कई ऐसे पति-पत्नी हैं, जिनके बीच विवाद चल रहे हैं। उनका वैवाहिक जीवन मुश्किल में है। अगर परिवार में सुलह नहीं हो पाती है तो मामला कोर्ट में चला जाता है। मेरे मामले में भी यह बात समझनी चाहिए। पिछले 15 साल से मेरे और मेरी पत्नी के बीच सिर्फ औपचारिकता का रिश्ता है। मैंने इतने सालों में हमेशा यही कोशिश कि परिवार का मामला परिवार के अंदर ही रहे।’

कोरोना में पत्नी ने मेरी मौत की दुआ की
‘जब मुझे कोरोना हुआ तो मुझे अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इस दौरान स्व. अहमद पटेल ने मेरी मदद की। हालत बिगड़ने पर मुझे वडोदरा से अहमदाबाद के सिम्स अस्पताल में शिफ्ट करवाया गया। मेरे पिता को भी यही लग रहा था कि अब मैं नहीं बचूंगा। वे मुझसे कहते थे कि अगर तुम्हें कुछ हो गया तो मेरा क्या होगा। तुम्हारी पत्नी तो तुम्हारी मौत की दुआ मांग रही है। क्योंकि, उसे तुम्हारी प्रॉपर्टी से प्यार है।’

पत्नी से तलाक का इंतजार, ताकि तीसरी शादी कर सकूं
कुछ दिन पहले उनकी पत्नी रेश्मा ने उनका एक लड़की से साथ का वीडियो पोस्ट किया गया था। इस मामले पर सोलंकी ने कहा – ‘बहुत दुख की बात है कि मुझे अपने निजी जीवन पर सार्वजनिक रूप से चर्चा करनी पड़ रही है और मीडिया का सामना करना पड़ रहा है। हाल ही में मेरा एक वीडियो सामने आया था, जिस पर विवाद उठा। सच बात तो यह थी कि मैं अपनी दोस्त के साथ आइसक्रीम खाने गया था। मैं तो अपनी पत्नी से तलाक लेकर तीसरी शादी करने की सोच रहा हूं। फिलहाल मैं कोर्ट के फैसले का इंतजार कर रहा हूं।’

.

Recent Stories