गाली-गलौज करने से रोका तो जवान को जमकर पीटा:कैश और ATM कार्ड भी छीन ले गए बदमाश, छुट्‌टी पर घर आया था आरक्षक

छत्तीसगढ़ के जांजगीर जिले में STF जवान के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि उसने कुछ लोगों को गाली-गलौज करने से रोका था। जिसके चलते वह नाराज हो गए और उन्होंने उसे लात-घूंसों से जमकर पीटा और भाग निकले थे। मामले की शिकायत के बाद अब पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है। मामला जांजगीर थाना क्षेत्र का है।

खोखरा गांव का रहने वाला किशन कुमार रोहिदास(27) बीजापुर में एसटीएफ में आरक्षक के रूप में पदस्थ है। वह पिछले दिनों छुट्‌टी पर अपने घर आया था। पता चला है कि 16 मई की शाम को वह खोखरा के देसी शराब दुकान के पास ओंकार राठौर की दुकान के पास खड़ा था। उस दौरान ओंकार शराब के नशे में गाली-गलौज कर रहा था।

महिलाएं खड़ीं थी इसलिए रोका

इसके बाद किशन ने उसे गाली गलौज करने से रोका था। किशन ने बताया कि वहां कुछ महिलाएं भी खड़ी थीं। इसलिए मैंने ओंकार को गाली देने से मना किया था। मगर फिर भी वह नहीं माना। इस पर मैंने डायल 112 को सूचना दी थी। सूचना देने के बाद डायल 112 के जवान पहुंचे और ओंकार को समझाकर चले गए थे। जिसके बाद ये पूरी वारदात हुई।

डायल 112 के जवान गए, तब पीटा

बताया गया कि जैसे ही डायल 112 के जवान चले गए। वैसे ही ओंकार ने अपने साथी गुड्डू राठौर, रामकृपाल राठौर और दीपक यादव को बुला लिया। इसके बाद चारों ने मिलकर किशन को लात घूंसों से पीटा। जिससे किशन घायल हो गया। इतनी ही नहीं तीनों ने मिलकर उसके पास रखे 15 हजार कैश, एटीएम कार्ड और कुछ दस्तावेज भी छीन लिए और वहां से भाग गए थे। घटना के बाद किशन का इलाज अस्पताल में कराया गया। अब इस मामले में आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है और जांच कर रही है।

.

Recent Stories