प्रदेश में अंधड़ चलने की शुरुआत हो चुकी है। 24 दिनों बाद मानसून भी दस्तक दे सकता है। इसके पहले प्री मानसून बारिश होगी। इसमें सबसे ज्यादा अंधड़ चलती है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में मई में 150 व जून में सबसे ज्यादा 308 से ज्यादा अंधड़ चलती है।
राजस्व एवं आपदा प्रबंधन के अनुसार इससे हर साल 10 से 12 करोड़ की संपत्ति को नुकसान पहुंचता है। मौसम विभाग अंधड़ का पूर्वानुमान जरूर जारी करता है, लेकिन संपत्तियों को बचाने का कोई उपाय नहीं किया जा सकता।
प्रदेश में अप्रैल से तापमान बढ़ने के साथ अंधड़ यानी तेज हवा चलने की शुरुआत हो जाती है। जब गर्मी ज्यादा हो तब अंधड़ चलने की शुरुआत होती है। इसकी गति अचानक बढ़ती है। यह 30 किमी से लेकर 70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती है। ये अपने रास्तों में आने वाली कमजाेर दीवार से लेकर मजबूत पेड़-पाैधों को उखाड़ देता है।
यही नहीं, मकानों के टीन शेड भी पत्तों की तरह उड़ जाते हैं। सबसे ज्यादा अंधड़ कहां चलेगी, इसका अनुमान नहीं लगाया जा सकता। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि जब-जब तेज गर्मी पड़ेगी, तब अंधड़ चलेगी। अप्रैल से 17 मई तक रायपुर में 7 से ज्यादा अंधड़ चल चुकी है।
इस दौरान राजधानी के कई इलाके 5 से 12 घंटे तक अंधेरे में डूबे रहे। हाल ही में बिलासपुर में चली अंधड़ के कारण 132 केेवी लाइन का बड़ा टॉवर गिर गया था। इससे 70 गांवाें में 24 घंटे से ज्यादा अंधेरा छाया रहा।
ऐसे मिले आंकड़े
मौसम विज्ञान केंद्र रायपुर ने रायपुर में 30 साल की स्टडी के अनुसार अंधड़ के आंकड़े निकाले हैं। इस पर पहले स्टेशन डायरेक्टर रहे एमएल साहू ने रायपुर में मौसम शीर्षक से एक किताब भी लिखी है। इसमें अंधड़ समेत दूसरे आंकड़े बताए गए हैं। वैसे गर्मी से लेकर ठंड, बारिश, ओले व कोहरा 30 साल की स्टडी के बाद औसत आंकड़े निकाले जाते हैं।


