भिलाई निगम के आयुक्त प्रकाश सर्वे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रामनगर का औचक निरीक्षण करने पहुंचे। निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने अस्पताल के स्टाफ की उपस्थित की जानकारी ली। इसमें उन्हें पता चला कि मेडिकल ऑफिसर डॉक्टर रीटा चाबा ड्यूटी पर नहीं पहुंचीं। बिना जानकारी व कारण बताए ड्यूटी से नदारद रहने पर आयुक्त ने मेडिकल ऑफिसर को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है।
रामनगर सहित शहर के अन्य स्वास्थ्य केंद्रों की हालत काफी खराब है। यहां डॉक्टर सहित अन्य स्टाफ मनमाने तरीके से ड्यूटी करता है। कभी भी बिना बताए वह ड्यूटी से नदारद रहते हैं। इसके कारण मरीज उनके परिजनों को काफी परेशानी होती है। इसकी शिकायत कई बार निगम आयुक्त के पास की गई है। इसी का पता लगाने के लिए आयुक्त प्रकाश सर्वे ने शुक्रवार को रामनगर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने देखा कि मरीज इलाज के लिए परेशान हैं और अस्पताल का मेडिकल स्टाफ गायब है। इस पर उन्होंने मेडिकल स्टाफ की उपस्थिति की जानकारी ली। इसमें पता चला कि अस्पताल की मेडिकल ऑफिसर डॉ. रीटा चाबा और फार्मासिस्ट कुसुम अरकरे बिना बताए ड्यूटी से नदारद हैं। इस पर उन्होंने विभागीय अधिकारी को नोटिस जारी कर जवाब मांगने के निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र के आवक-जावक केंद्र के रजिस्टर देखा, साफ-सफाई और पेयजल व्यवस्था का भी जायजा लिया। मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा देने के लिए चिकित्सकों से चर्चा की।
टीकाकरण को लेकर ली जानकारी
निगमायुक्त ने निरीक्षण के दौरान टीकाकरण की स्थिति का जायजा लिया। कोविड-19 के रोकथाम के लिए छूटे हुए लोगों को अधिक से अधिक टीकाकरण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने अस्पताल में मरीजों से भी स्वास्थ्य सेवाओं की सुविधा को लेकर बात की।


