Monday, December 8, 2025

दाउद पर NIA का शिकंजा:मुंबई में डी कंपनी के करीबियों के 20 ठिकानों पर रेड, जांच एजेंसी ने सीक्रेट रखी कार्रवाई

भगोड़े अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम के करीबियों के मुंबई स्थित 20 ठिकानों पर नेशनल इंवेस्टिगेशन एजेंसी, यानी NIA ने रेड की है। एक्शन के दायरे में दाऊद का गुर्गा छोटा शकील, जावेद चिकना, टाइगर मेनन, इकबाल मिर्ची, दाऊद की बहन हसीना पारकर से जुड़े लोग और उसके रिश्तेदार शामिल हैं। हालांकि, अभी तक छापे की स्पेसिफिक लोकेशन सामने नहीं आई है। इसलिए कार्रवाई से जुड़े फोटो-वीडियो भी फिलहाल नहीं मिल सके हैं।

NIA ने बोरिवली, सांताक्रूज, बांद्रा, नागपाड़ा, भिंडी बाजार, गोरेगांव, परेल, मुंब्रा और कोल्हापुर के 20 ठिकानों पर छापे मारे हैं। इस दौरान मुंबई में कुछ तस्करों, हवाला ऑपरेटर्स, रियल एस्टेट कारोबारियों पर भी कार्रवाई की जा रही है। इन सबका कनेक्शन 1993 मुंबई ब्लास्ट के आरोपी और भगोड़े आतंकी दाउद इब्राहिम से बताया जा रहा है।

फरवरी में डी कंपनी के खिलाफ केस दर्ज हुआ
फरवरी में गृह मंत्रालय के आदेश पर NIA ने दाऊद इब्राहिम, डी कंपनी के खिलाफ अवैध वसूली का केस दर्ज किया था, उस मामले में ही यह छापेमारी चल रही है। आरोप है कि ये लोग एक्सटॉर्शन मनी का इस्तेमाल देश विरोधी कामों में करते हैं। NIA ने इस मामले में गैरकानूनी गतिविधि रोकथाम अधिनियम, यानी UAPA के तहत केस दर्ज किया है।

महाराष्ट्र के कुछ मंत्रियों पर एक्शन की अटकलें
महाराष्ट्र के कैबिनेट मंत्री नवाब मलिक दाऊद की बहन हसीना पारकर से जमीन खरीदने के मामले में जेल की सालों के पीछे कैद हैं। उन्हें ED ने गिरफ्तार किया था। उनके खिलाफ टेरर फंडिंग का आरोप जांच एजेंसी द्वारा लगाया गया है। BJP के नेता किरीट सोमैया महाविकास अघाड़ी के कई मंत्रियों पर गंभीर आरोप लगा चुके हैं, इसमें मंत्री अनिल परब का भी नाम शामिल हैं। ऐसे में अब सवाल यह उठ रहा है कि क्या इस केस के तार उनसे तो नहीं जुड़ रहे हैं।

दाऊद पर है 25 मिलियन का इनाम
1993 ब्लास्ट के सबसे बड़े आरोपी दाऊद के खिलाफ 25 मिलियन डॉलर का इनाम है। उसकी ‘डी कंपनी’ को संयुक्त राष्ट्र संघ (UN) ने बैन आतंकी संगठन घोषित किया है। दाऊद को 2003 में UN ने ग्लोबल आतंकी माना था। दिल्ली पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि दाऊद साथियों के साथ पाकिस्तान में छिपा हुआ है। इसके पक्के सबूत मिले हैं। दाऊद 1993 में हुए बम धमाकों के बाद मुंबई छोड़कर भागा था। दिल्ली पुलिस ने उसका पिछला कॉल नवंबर 2016 में रिकॉर्ड किया था।

.

Recent Stories