राजस्थान में जोधपुर के बाद सुलगा भीलवाड़ा:दो लोगों पर जानलेवा हमले के बाद जमकर बवाल, 33 थानों की पुलिस तैनात; जोधपुर में कर्फ्यू जारी

जोधपुर के बाद भीलवाड़ा शहर में बुधवार देर रात तनाव पैदा हो गया। हालात को देखते हुए पहले शहर में फिर गुरुवार सुबह पूरे जिले में इंटरनेट बंद कर दिया गया। यहां दो युवकों के साथ एक दर्जन से अधिक नकाबपोशों ने पहले मारपीट की और बाद में बाइक जला दी गई। दोनों घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनकी हालत खतरे से बाहर है। उन पर हमले की अभी तक कोई स्पष्ट वजह सामने नहीं आई है। पुलिस जांच कर रही है।

एसपी आदर्श सिद्धू ने बताया कि घटना बुधवार रात करीब दस बजे की है। यहां ​​​​​​सांगानेर के करबला रोड पर बैठे हुए दो युवक आजाद और सद्दाम पर कुछ लोगों ने हमला कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस सीओ सदर रामचन्‍द्र, एसडीएम ओम प्रभा और सुभाष नगर थानाधिकारी पुष्‍पा कासोटिया मौके पर पहुंचे।

शुरुआत में कुछ लोगों ने हमलावरों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर घायलों को अस्‍पताल ले जाने का विरोध किया, लेकिन पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के समझाने पर दोनों घायलों को उपचार के लिए जिला अस्‍पताल में भर्ती कराया गया। एहतियात के तौर पर सांगानेर इलाके में 33 थानों के 150 से अधिक जवानों को तैनात किया गया है।

तनाव को देखते हुए भारी संख्या में जवान तैनात किए गए। वरिष्ठ अधिकारी भी नजर रख रहे हैं।

लोगों से शांति रखने की अपील
कलेक्टर आशीष मोदी ने बताया कि इन दोनों युवकों के साथ मारपीट और बाइक जलाने के मामले की वजह अभी सामने नहीं आई है। पुलिस टीम हमलावर की तलाश में जुटी है। कलक्टर का कहना है कि घटनास्थल के आसपास शहर से बाहर जाने वाले सीसीटीवी फुटेज और सूचना के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने शहर वासियों से अपील की है कि वह अफवाहों पर ध्यान न दें। शहर में शांति-व्यवस्था को कायम रखें और प्रशासन का सहयोग करें।

अतिसंवेदनशील क्षेत्र है सांगानेर
भीलवाड़ा का उपनगर सांगानेर अतिसंवेदनशील क्षेत्रों में माना जाता है। राजस्थान में करौली, अलवर, जोधपुर और अब भीलवाड़ा में माहौल खराब करने की कोशिश के तौर पर इस घटना को देखा जा रहा है।

.

Recent Stories