राणा दंपती को जमानत:कोर्ट ने कहा- दोबारा ऐसा विवाद न हो; जेल से छूटकर अस्पताल रवाना हुईं नवनीत, BMC की टीम घर पहुंची

23 अप्रैल से राजद्रोह के आरोप में भायखला जेल की सलाखों के पीछे कैद अमरावती से निर्दलीय सांसद नवनीत राणा और उनके विधायक पति रवि राणा को मुंबई सेशन कोर्ट ने जमानत दी है। 30 अप्रैल को ही अदालत ने इस मामले में 2 मई तक के लिए अपना जजमेंट रिजर्व कर लिया था। अदालत ने सशर्त जमानत दी है और कहा है कि आने वाले समय में राणा दंपती इस तरह का कोई और विवाद नहीं करेंगे।

इसके अलावा वे सबूतों से छेड़छाड़ नहीं करेंगे और इस पूरे मामले में कोई प्रेस कॉन्फ्रेंस भी नहीं करेंगे। दोनों को पचास हजार के निजी मुचलके पर यह बेल दी गई है। इस बीच नवनीत राणा भायखला जेल से रिहा हो चुकी हैं। उन्हें मुंबई के जे.जे अस्पताल ले जाया जा रहा है। नवनीत को देर रात ही पीठ दर्द की शिकायत हुई थी।

वहीं, राणा दंपती को जमानत मिलने के बाद बृहन्मुंबई महानगर पालिका (BMC) उनके खार स्थित फ्लैट के बाहर पहुंच चुकी है। इससे पहले BMC ने घर के बाहर एक नोटिस चिपकाया था, जिसमें बुधवार को फ्लैट के निरीक्षण और अवैध निर्माण के जांच की बात कही गई थी। फ्लैट में अगर कोई अवैध निर्माण मिला तो उसे हटाने का काम BMC का तोड़क दस्ता करेगा।

.

Recent Stories