दक्षिण कश्मीर का शोपियां जिला, जहां से हर दूसरे दिन एनकाउंटर की खबर आती है। मंगलवार दोपहर यहां सीआरपीएफ (CRPF) जवानों को ले जा रहा वाहन ट्रक से टकराकर पलट गया। ऐसे में जवान मदद के लिए गुहार लगाने लगे तो स्थानीय लोग उनकी मदद के लिए आगे आए। इस हादसे में 7 जवान घायल हो गए, जिन्हें स्थानीय लोगों ने इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। इस हादसे का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।
बुजुर्गों ने भी घायलों को एंबुलेंस तक पहुंचाया
CRPF के अधिकारियों ने बताया कि 78 बटालियन के जवानों को ले जा रहा वाहन हादसे का शिकार हो गया। 7 जवान घायल हुए थे, सभी की हालत स्थिर है। हादसा शोपियां जिले के सोफीपोरा जैनपोरा गांव के पास हुआ। यहां लोग अपने रोजमर्रा के काम में जुटे थे। तभी यह हादसा हुआ तो लोग अपना काम छोड़कर जवानों की मदद के लिए दौड़ पड़े। वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि बुजुर्ग भी हादसे में घायल जवानों को एंबुलेंस तक पहुंचा रहे हैं।
लोग बोले- कश्मीरियत अभी जिंदा है
जवानों की मदद करने वाले फिरदौस अहमद इसे अपना कर्तव्य बताते हैं। उन्होंने कहा कि इसे कश्मीरियत करते हैं, हमें नफरत को कोई जगह नहीं देनी चाहिए बल्कि शांति के लिए काम करना चाहिए। सोशल मीडिया पर यह वीडियो वायरल होने के बाद जवानों की मदद करने वाले कश्मीरियों की यूजर्स जमकर तारीफ कर रहे हैं। एक सोशल मीडिया यूजर ने कहा- कश्मीरियत जिंदाबाद,, अभी लोगों में कश्मीरियत जिंदा है… हम शांति और अमन में विश्वास रखते हैं।


