स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव ने कहा कि राजधानी रायपुर का जिला अस्पताल मल्टीस्पेशलिटी अस्पताल के रुप में विकसित होगा। उन्होंने पंडरी अस्पताल पहुंचकर वहां स्वास्थ्य सेवाओं का अवलोकन कर व्यवस्थाओं को निरीक्षण किया। उन्होंने दवाई स्टोर, डायलिसिस सेंटर, हमर लैब, माइक्रोबायोलॉजी विभाग सहित अस्पताल के व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
उन्होंने मरीजों के लिए आवश्यक मात्रा में दवाईयों का भंडारण करने के निर्देश दिए। सिंहदेव ने कहा कि अस्पताल में लगभग 150 प्रकार की दवाईयां हैं इनमें जिनका उपयोग कम है उसकी मात्रा में कमी की जा सकती है। उन्होंने कहा कि लोगों को बेहतर स्वस्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने के लिए शहर के मोहल्लों में हमर क्लिीनिक स्थापित किए जाएंगे।
इनमें विशेषज्ञ चिकित्सकों की पदस्थापना की जाएगी। इन अस्पतालों के स्थापित होने से जिला चिकित्सालय में ओपीडी की संख्या में कमी आएगी। जिला चिकित्सालय पंडरी में मरीजों के बेहतर इलाज के लिए 130 बिस्तर की सुविधा दी गई है।
हमर लैब में 128 प्रकार के परीक्षण की व्यवस्था
सीएमएचओ डॉ मीरा बघेल ने बताया कि यहां पर हमर लैब में मरीजों के लिए 128 प्रकार के परीक्षण की व्यवस्था है। वहीं किडनी मरीजों के लिए डायलिसिस यूनिट भी स्थापित किया गया है।
निरीक्षण के दौरान सिंहदेव से उन्होंने ओपीडी का समय सुबह 9 से शाम 4 बजे तक करने की गुजारिश की, जिस पर मंत्री द्वारा आवश्यक पहल करने के निर्देश दिए गए।


