देश की मशहूर ऐक्ट्रेस अदा शर्मा दंतेवाड़ा के मां दंतेश्वरी मंदिर पहुंचीं। बस्तर की आराध्य देवी मां दंतेश्वरी का दर्शन कर आशीर्वाद लिया। साथ ही ‘बस्तर: द नक्सल स्टोरी’ फिल्म की शूटिंग शुरू करने से पहले मंदिर में बैठकर शंखनाद किया। दरअसल, अदा शर्मा ने आज 19 जनवरी को अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर तस्वीरें शेयर कर इसकी जानकारी फैंस को दी है।
ये तस्वीर कुछ महीने पहले ही हैं। ऐसा बताया जा रहा है कि, ‘बस्तर: द नक्सल स्टोरी’ फिल्म की शूटिंग से पहले वे बस्तर और दंतेवाड़ा आईं थीं। ये तस्वीरें कुछ महीने पहले की हैं, जिसे एक्ट्रेस ने आज अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर शेयर किया है। फिल्म की शूटिंग भी पूरी हो चुकी है। 15 मार्च को देशभर के सिनेमाघरों में फिल्म रिलीज की जाएगी।

इसकी जानकारी भी एक्ट्रेस अदा ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर दी है। उन्होंने फिल्म के तीन पोस्टर भी जारी किए हैं जो बेहद ही एट्रेक्टिव हैं। निर्माता विपुल अमृतलाल शाह की इस फिल्म में अदा शर्मा लीड रोल में हैं।
इंद्रावती नदी के किनारे बनाईं रील
मंदिर दर्शन करने के अलावा अदा शर्मा इंद्रावती नदी किनारे भी पहुंचीं। यहां उन्होंने सनसेट का मजा लिया। साथ ही नदी किनारे बस्तर की क्षेत्रीय बोली हल्बी गाने में रील बनाया है। इस रील को भी अदा ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर पोस्ट किया है।


