20 जनवरी को जमीन घोटाला मामले में सीएम हेमंत सोरेन से ईडी पूछताछ करेगी। इस पूछताछ से एक दिन पहले यानी आज आदिवासी संगठन प्रदर्शन कर रहे हैं। केंद्रीय सरना समिति के अध्यक्ष अजय तिर्की के नेतृत्व में मोराबादी में प्रदर्शनकारियों का जुटान हुआ।
इसके बाद से सभी एकजुट होकर पारंपरिक ढोल-नगाड़े के साथ राजभवन की ओर कुच कर गए हैं। यह प्रदर्शन आज शाम 4:00 बजे तक चलेगा। बड़ी संख्या में आदिवासी-मूलवासी ढोल-नगाड़े बजाकर राजभवन पहुंचे हैं। आदिवासी समुदाय में सीएम हेमंत सोरेन के खिलाफ ईडी के लगातार समन आने से नाराजगी है। आदिवासी संगठन ईडी पर केंद्र के इशारे पर काम करने का आरोप लगा रहे हैं।
इधर प्रदर्शन को देखते हुए रांची जिला प्रशासन की ओर से मजिस्ट्रेट और भारी संख्या में पुलिस बल को तैनात कर दिया गया है, ताकि शहर में किसी तरह की विधि व्यवस्था में ना बिगड़े। साथ ही ईडी ऑफिस के बाहर भी सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
जमीन घोटाले में 20 जनवरी को सीएम से पूछताछ से पहले प्रदर्शन के सवाल के जवाब में केंद्रीय सरना समिति के अध्यक्ष अजय तिर्की ने कहा कि पूरी तैयारी है। हम लोग विरोध करेंगे। बंगाल में ईंट-पत्थर चला है। अगर जरूरत पड़ी तो झारखंड में तीर-धनुष चलेगा।


