लोकसभा चुनाव से पहले विपक्षी गठबंधन के 4 बड़े नेताओं ने बुधवार को वर्चुअल मीटिंग की है। बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राष्ट्रीय जनता दल (RJD) सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव, जनता दल यूनाइटेड (JDU) अध्यक्ष और बिहार के CM नीतीश कुमार और NCP सुप्रीमो शरद पवार शामिल हुए।
सूत्रों के मुताबिक, मीटिंग में I.N.D.I.A गठबंधन के दलों के बीच सीट शेयरिंग को लेकर बातचीत हुई है। इसके अलावा नीतीश कुमार काे I.N.D.I.A गठबंधन का संयोजक बनाए जाने को लेकर भी इन नेताओं के बीच चर्चा हुई। सबकुछ ठीक रहा तो जल्द ही नीतीश को संयोजक बनाए जाने की घोषणा हो सकती है।
यह अहम बैठक बिहार से जुड़ी कई सियासी अटकलों के बीच हुई है। क्या बिहार में बड़ा सियासी उलट फेर होने वाला है? क्या तेजस्वी यादव के खिलाफ ED कार्रवाई कर सकती है? क्या नीतीश कुमार I.N.D.I.A. के संयोजक बनाए जा सकते हैं? 28 दिसंबर के बाद से ही सियासी गलियारों में ऐसी कई तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं।
दरअसल जब से पार्टी की कमान ललन सिंह से वापस नीतीश कुमार ने अपने हाथ में ली है, इस बात की चर्चा भी तेज हुई है कि नीतीश कुमार नेशनल डेमोक्रेटिक अलायंस (NDA) का हिस्सा हो सकते हैं। ऐसे में आज की इस वर्चुअल बैठक के मायने और भी बढ़ जाते हैं। हालांकि, तेजस्वी यादव ने ऐसी किसी बैठक से इनकार किया है।
दैनिक भास्कर की इस स्पेशल रिपोर्ट में बिहार की सियासत में उठ रहे सवालों के जवाब जानिए…

1. क्या नीतीश कुमार I.N.D.I.A. के संयोजक बन सकते हैं?
गैर बीजेपी दलों को एक प्लेटफॉर्म पर लाने का श्रेय बिहार के सीएम नीतीश कुमार को जाता है। जून में हुई पहली बैठक से ही इस बात की संभावना जताई जा रही थी कि नीतीश कुमार गठबंधन का चेहरा या संयोजक बनाए जा सकते हैं, लेकिन जून से लेकर 19 दिसंबर तक हुई 4 बैठकों में इसकी घोषणा नहीं हो पाई। चौथी बैठक में तो बंगाल की सीएम ममता बनर्जी ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को पीएम कैंडिडेट बनाने का प्रस्ताव पेश कर दिया।
इसके बाद अचानक नीतीश कुमार एक्शन में आ गए। उन्होंने न केवल पार्टी की बागडोर अपने हाथ में ली। बल्कि इंडि अलायंस में सीट बंटवारे से लेकर कैंडिडेट सिलेक्शन का अधिकार भी अपने जिम्मे लिया। पॉलिटिकल एक्सपर्ट की मानें तो इस निर्णय से नीतीश कुमार ने एक साथ कई निशाना साधने की कोशिश की है।
अब उनके राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के 5वें दिन 3 जनवरी को वर्चुअली I.N.D.I.A. की बैठक हुई। संभावना जताई जा रही है कि नीतीश कुमार को गठबंधन का संयोजक बनाया जा सकता है।
सूत्रों की मानें तो इसकी पहल खुद राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव ने की है। सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव और कांग्रेस भी इसके लिए राजी हो गए हैं। हालांकि नीतीश इस पद के लिए अब कितने राजी हैं। ये बैठक के बाद ही तय हो पाएगा।
2. क्या NDA के साथ जाने की प्लानिंग कर रहे हैं नीतीश कुमार?
वरिष्ठ पत्रकार अरुण कुमार पांडेय कहते हैं कि नीतीश कुमार अपने लिए सभी ऑप्शन खुला रखना चाहते हैं, लेकिन मौजूदा सियासत में वे फिलहाल बुरी तरह घिरे हुए दिख रहे हैं। ललन सिंह के इस्तीफे के बाद ऐसा माना जा रहा था कि नीतीश कुमार एक बार फिर से बीजेपी के साथ डील करना चाह रहे हैं।
हालांकि, बीजेपी के सभी बड़े नेता इस बात को सिरे से खारिज कर रहे हैं। उनका कहना है कि नीतीश कुमार के लिए पार्टी के सारे दरवाजे बंद कर दिए गए हैं, लेकिन बीजेपी सूत्रों की मानें तो बीजेपी एक शर्त पर नीतीश कुमार को अपने साथ ला सकती है।
शर्त है सीएम पद छोड़ने की। सूत्रों की मानें तो बीजेपी ने स्पष्ट कर दिया है कि अगर गठबंधन होगा तो इस बार बिहार में सीएम की कुर्सी पर बीजेपी का नेता होगा।
3. क्या तेजस्वी के खिलाफ ईडी बड़ी कार्रवाई करने की तैयारी में है?
आरजेडी के राष्ट्रीय प्रवक्ता मनोज झा ने 2 जनवरी को अचानक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इस बात की आशंका जताई है कि 22 जनवरी से पहले ईडी तेजस्वी यादव के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करने की तैयारी कर रही है।
दरअसल, तेजस्वी यादव के खिलाफ दो बड़े मामले की जांच ईडी और सीबीआई कर रही है। पहला लैंड फॉर जॉब मामला और दूसरा आईआरसीटीसी घोटाला। दोनों मामले में चार्जशीट दायर है। ईडी पहले भी तेजस्वी यादव से इस मामले में पूछताछ कर चुकी है।


