गीजर से गैस लीक, गर्भवती की मौत:पति बोला- बेटे को नहलाने गई थी पत्नी, दोनों बाथरूम में पड़े थे

बेंगलुरु में गीजर गैस लीक का साल का दूसरा मामला सामने आया है। (File Photo). - Dainik Bhaskarबेंगलुरु में गीजर की गैस लीक होने की वजह से एक गर्भवती महिला की मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक घटना बेंगलुरु के सदाशिव नगर की है। सब्जी बेचने का काम करने वाला जगदीश अपनी 23 साल की पत्नी राम्या जे और 4 साल के बेटे सम्राट के साथ रहता था। वह काम के सिलसिले में घर से बाहर गया हुआ था।

पति जगदीश ने बताया कि 23 दिसंबर को वैकुंठ एकादशी होने के कारण मैं परिवार को मंदिर ले जाने के लिए घर लौटा। देखा तो दरवाजा बंद मिला। आवाज लगाई, लेकिन पत्नी या बेटा बाहर नहीं आए। मैं किसी तरह घर में दाखिल हुआ। पत्नी और बेटा नजर नहीं आए। बाथरूम से पानी गिरने की आवाज आ रही थी।

जगदीश के मुताबिक, पत्नी बेटे को नहलाने के लिए बाथरूम में लेकर गई थी। दोनों वहीं बेसुध पड़े थे। मैं पत्नी और बेटे को फौरन पास के अस्पताल में लेकर गया। डॉक्टरों ने पत्नी को मृत घोषित कर दिया। बेटे की हालत ठीक नहीं है, उसका अभी इलाज चल रहा है।

पुलिस ने बताया कि जगदीश के घर की बाथरूम में वैंटिलेशन नहीं है। गीजर से कार्बन मोनोऑक्साइड गैस लीक हुई, जिसके कारण उसकी पत्नी की मौत हो गई। जून में भी बेंगलुरु के चिक्काजला में चंद्रशेखर (30) और सुधारानी बिन्नी (22) के शव घर के बाथरूम में मिले थे। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में गीजर से लीक हुई कार्बन मोनोऑक्साइड से दम घुटने के कारण मौत की बात सामने आई थी।

.

Recent Stories