दिल्ली शराब नीति घोटाले मामले में 4 अक्टूबर से जेल में बंद AAP सांसद संजय सिंह की याचिका सुप्रीम कोर्ट फरवरी तक स्थगित कर दी। वहीं, दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने संजय सिंह की न्यायिक हिरासत 21 दिसंबर तक बढ़ा दी है। संजय सिंह की बेल याचिका पर राउज एवेन्यू कोर्ट कल (21 दिसंबर को) सुनवाई करेगी। कोर्ट ने उन्हें अपने साथियों, समर्थकों और मीडिया से मिलने की इजाजत नहीं दी है।
राउज एवेन्यू कोर्ट ने संजय सिंह को संसद की विशेषाधिकारी मामलों के उल्लंघन की समिति के सामने पेश होने की इजाजत दे दी है। उन्हें 5 अक्टूबर को समिति के सामने पेश होना था, लेकिन उससे पहले ही उन्हें चार अक्टूबर को गिरफ्तार कर लिया गया था।
दरअसल, ED ने संजय सिंह को 4 अक्टूबर को गिरफ्तार किया था, जिसके बाद उन्होंने दिल्ली हाईकोर्ट में गिरफ्तारी के खिलाफ याचिका दाखिल की थी। हाईकोर्ट ने 20 अक्टूबर को उनकी गिरफ्तारी बरकरार रखने का फैसला सुनाया था, जिसके बाद उन्होंने सुप्रीम कोर्ट का रुख किया था।
सुप्रीम कोर्ट ने इस मामले पर 20 नवंबर को सुनवाई की थी। तब कोर्ट ने कहा था कि संजय सिंह अंतरिम जमानत याचिका दायर कर सकते हैं। इसका 20 अक्टूबर को दिए गए दिल्ली HC के फैसले से कोई लेना देना नहीं है। आज 11 दिसंबर को सुप्रीम कोर्ट में जस्टिस संजीव खन्ना और जस्टिस एसवीएन भट्टी की बेंच ने मामले को सुना।


