उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में सिलक्यारा सुरंग में दर्जनों मजदूर करीब 150 घंटे से फंसे हुए हैं और उन्हें बचाने के लिए एक बड़ी कवायद की जा रही है. शुक्रवार शाम अचानक “दरार आने की आवाज” सुनने के बाद बचाव अभियान रुक गया और ड्रिलिंग मशीन में भी खराबी आ गई. रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटे अधिकारियों ने बताया है कि दुर्घटनास्थल पर दूसरा भारी ड्रिल विमान से भेजा गया है. ऐसा माना जा रहा है कि आज फिर से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू हो जाएगा.
शुक्रवार को रेक्स्यू ऑपरेशन को बड़ा झटका तब लगा, जब अमेरिकी ऑगर मशीन बीच में ही खराब हो गई. मशीन की बेयरिंग खराब होने की वजह से वह आगे ही नहीं बढ़ सकी. करीब 25 मीटर की ड्रलिंग के बाद मशीन नीचे किसी मेटेलिक चीज़ से टकरा गई. इससे तेज आवाज आई. दोपहर 2:45 के बाद रेस्क्यू ऑपरेशन रोक दिया गया.
ड्रिल किए गए स्टील पाइप के जरिए भोजन और पानी की आपूर्ति
सुरंग का एक हिस्सा धंसने के बाद रविवार सुबह से 40 मजदूर फंसे हुए हैं. अधिकारियों ने बताया कि सभी 40 मजदूर सुरक्षित हैं और उन्हें ड्रिल किए गए स्टील पाइप के जरिए भोजन और पानी की आपूर्ति की जा रही है. फंसे हुए श्रमिकों के परिवार दुर्घटनास्थल पर पहुंच गए हैं और उम्मीद खो रहे हैं. इनमें से एक मजदूर के भाई, जो हरिद्वार से आए हैं, उन्होंने कहा, “मजदूरों की तबीयत बिगड़ने से पहले उन्हें जल्दी से बचाया जाना चाहिए. जैसे-जैसे समय बीत रहा है, वैसे-वैसे हमारी उम्मीद टूट रही है. हम चाहते हैं कि जल्द से जल्द सभी लोग बाहर निकाल लिये जाएं.”


