झारखंड (Jharkhand) के देवघर (Deoghar) में स्थित त्रिकुट पहाड़ पर रविवार को अचानक रोप-वे (Ropeway Accident) का सैप टूटने से बड़ा हादसा हो गया था. हादसे में 2 महिलाओं की मौत हो चुकी है. जबकि रेस्क्यू के जरिए अब तक 30 लोगों को बाहर निकाल लिया गया है. झारखंड के मंत्री हाफिजुल हसन ने जानकारी दी है कि वायुसेना ने अब तक 30 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया है. 18 लोग अभी भी रोप-वे में फंसे हुए हैं. उन्होंने कहा कि एनडीआरएफ, वायुसेना और भारतीय सेना बचाव कार्य कर रही है. मंत्री जी का कहना है कि मेंटेनेंस के अभाव में दुर्घटना हो सकती है. इसके लिए जांच टीम गठित की जाएगी, उन्होंने कहा कि जान बचाना हमारी प्राथमिकता है.
अभी भी 18 लोग 2000 फीट की ऊंचाई पर हवा में लटके हुए हैं. सोमवार सुबह एक बार फिर से राहत बचाव कार्य शुरू हुआ. त्रिकुट रोपवे हादसे में फंसे सभी लोगों को निकालने में इंडियन आर्मी के जवान हेलीकॉप्टर के जरिए बचाव अभियान कार्य में जुटे हुए हैं. लोगों को सही सलामत बाहर निकालने के लिए लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है. प्रशासन रोप-वे में फंसे लोगों को ड्रोन की मदद से खाना और पानी पहुंचा रही है. वहीं वायुसेना की टीम फंसे हुए लोगों को जल्द से जल्द बाहर निकालने को लेकर काम में जुटी हुई है. हालांकि सेना को राहत और बचाव कार्य में काफी मुश्किलों को सामना करना पड़ रहा है.
‘जान बचाना सरकार की प्राथमिकता’
बचाव अभियान में जुटे सेना के दो एमआई-17 हेलीकॉप्टर
इंडियन एयरफोर्स के मुताबिक, झारखंड के देवघर जिले में दो एमआई-17 हेलीकॉप्टर बचाव अभियान में शामिल हैं, जहां कई लोग दुर्घटना के कारण रोपवे ट्रॉली में फंस गए हैं. ऑपरेशन अभी जारी है.
रोप-वे का तार रेस्क्यू में पैदा कर रहा अड़चन
बता दें कि हेलीकॉप्टर से रस्सी के सहारे जवान रोपवे ट्रॉली तक पहुंचने की कोशिश कर रहे हैं. लेकिन रोपवे के तार के कारण हेलीकॉप्टर को परेशानी हो रही है. इंडियन एयरफोर्स की टीम लगातार बचाव कार्य में जुटी हुई है. अब सिर्फ 18 लोग अलग-अलग ट्रॉलियों में लगभग 2000 फीट की ऊंचाई पर फंसे हुए हैं. रविवार शाम को ये हादसा हुआ था. तभी से लगातार ये लोग फंसे हुए हैं. इन लोगों तक एक खाली ट्रॉली के जरिए बिस्किट और पानी के पैकेट पहुंचाए गए हैं, लेकिन लोग काफी डरे और सहमे हुए हैं.
30 लोग सुरक्षित बाहर निकाले गए
खबर के मुताबिक अब तक 30 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला जा चुका है. 18 लोग अभी भी हवा में लटके हुए हैं. उन्हें भी बाहर निकालने के लिए लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है. ITBP के PRO विवेक पांडे ने बताया कि 12 ट्रालियों में 48 लोगों के फंसे होने की सूचना मिली थी. बता दें कि रविवार शाम लगभग 6 बजे देवघर के त्रिकूट पर्वत पर रोपवे का एक तार टूट जाने की वजह से यह हादसा हुआ. अब फंसे हुए लोगों को खाना-पानी ड्रोन की मदद से पहुंचाया जा रहा है.


