दिल्ली (Delhi) की जवाहरलाल यूनिवर्सिटी में एक बार फिर तनाव का माहौल बना हुआ है. जेएनयू (JNU Violence) एक बार फिर विवादों में है. रविवार शाम को यूनिवर्सिटी छात्र संघ के दो गुट आपस में भीड़ गए थे. पुलिस ने छात्रों की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है. लेफ्ट और AISA संगठन से जुड़े छात्र आरोप लगा रहे हैं कि उन्हें नॉनवेज खाने के मामले पर पीटा गया. वहीं ABVP से जुड़े छात्र संघ (Student Union) का आरोप है कि उन्हें राम नवमी की पूजा करने से रोका गया था. यह विवाद अब बड़े तनाव में बदल गया है. वहीं गुस्साए छात्रों ने विरोध-प्रदर्शन किया.
छात्र संगठनों के बीच आरोप-प्रत्यारोप जारी है. इस बीच छात्रों ने सोमवार को दिल्ली पुलिस मुख्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन का आह्वान किया था. हालांकि AISA से जुड़े कुछ छात्र ही पुलिस मुख्यालय के सामने विरोध-प्रदर्शन के लिए पहुंचे. लेकिन पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया. पुलिस उनको बसों में बिठाकर ले गई. जेएनयू में छात्रों के दो गुटों के बीच हुई हाथापाई के खिलाफ सरदार पटेल भवन के बाहर विरोध प्रदर्शन करने पर अखिल भारतीय छात्र संघ के सदस्यों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है.


