नई दिल्ली. चारधाम की यात्रा करने वाले भक्तों के लिए अच्छी खबर है. खबर ये है कि यदि वे ऑलवेदर रोड से सफर करेंगे तो न केवल उन्हें नई सड़क मिलेगी बल्कि दूरी भी पहले से कम हो जाएगी.इस यात्रा रूट पर पुल निर्माण और मोड़ सीधे होने के साथ-साथ सुरंग बनने से चारधाम की दूरी 20 किमी तक घट गई है. पहले ऋषिकेश से चारधाम की दूरी (जाना और आना) 1528 किमी थी, जो अब घटकर 1508 किमी रह गई है. ऑलवेदर प्रोजेक्ट के तहत चारधाम यात्रा रूट का चौड़ीकरण काम अभी जारी है. बदरीनाथ-केदारनाथ रूट पर भी ऋषिकेश से रुद्रप्रयाग तक काम लगभग पूरा हो रहा है. रुद्रप्रयाग तक करीब 15 पुल बनाए गए हैं. जिससे ऋषिकेश से रुद्रप्रयाग तक की दूरी आठ किमी घटी है.रुद्रप्रयाग से गौरीकुंड तक भी दूरी एक किमी कम हुई है, श्रीनगर में धारी देवी के पास बाईपास बन रहा है. इसके बन जाने के बाद बदरी-केदार की दूरी नौ किमी और कम हो जाएगी. यमुनोत्री पर भी ब्रह्मखाल के पास सुरंग का काम जारी है, चंबा में सुरंग बनने से गंगोत्री की दूरी दो किमी कम हुई है.


