कश्मीर के अनंतनाग में रविवार 17 सितंबर को पांचवें दिन एनकाउंटर जारी है। सेना को गडूल कोकेरनाग के जंगलों में दो और आतंकियों के छिपे होने की आशंका है।
इलाके में सर्च ऑपरेशन के दौरान CRPF जवान के पैर में गलती से गोली लग गई। हालांकि इसकी अभी जानकारी नहीं है कि गोली किसी साथी की राइफल से लगी है या खुद की।
जवान की पहचान 164 बीएन CRPF के एचसी मनोज कुमार के रूप में हुई है। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया है। सूत्रों ने मुताबिक, जवान रोड ओपनिंग पार्टी (ROP) का हिस्सा था।
वहीं, जवानों की एक टुकड़ी ने शनिवार को मारे गए एक आतंकी का जला हुआ शव बरामद कर लिया है।

सेना ने एडवांस्ड ड्रोन हेरॉन मार्क-2 का इस्तेमाल किया
कोकेरनाग में सेना ने 16 सितंबर को पहली बार किसी आतंकी ऑपरेशन में अपने सबसे एडवांस्ड ड्रोन हेरॉन मार्क-2 को अटैक के लिए उतारा था। ड्रोन ने आतंकी को ढूंढ़कर उस पर ग्रेनेड फेंका, जिससे वह ढेर हो गया। साथ ही सुरक्षाबलों ने कोकेरनाग में आतंकियों का ठिकाना भी ध्वस्त कर दिया।


