CG Vidhan Sabha Chunav 2023: संभागों का दौरा करेगी कांग्रेस, घोषणापत्र के लिए महिलाओं से चार सितंबर तक लेंगे सुझाव

रायपुर : घोषणा-पत्र में महिलाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर कांग्रेस के पदाधिकारी संभागों में दौरा करेंगे। शनिवार को प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा ने घोषणा-पत्र समिति की बैठक ली। बैठक में अब तक मिले सुझावों और समिति के कार्यों की जानकारी ली गई।

इस दौरान समिति के अध्यक्ष मो. अकबर ने बताया कि विभिन्न स्थानों से ई-मेल और लिखित में सुझाव मिले हैं। महिलाओं से संबंधित सुझावों के मामले में तीन सदस्यीय समिति बनाई गई हैं, जिसमें वाणी राव, हेमा देशमुख और शेष राज हरबंश शामिल हैं।
महिला समिति को जिम्मेदारी दी गई है कि वे चार सितंबर तक महिलाओं से जुड़े मामलों पर बेहतर सुझाव दें। इसके अलावा ई-मेल पर भी सुझाव लिए जाएंगे। बैठक में प्रदेश प्रभारी ने राज्य सरकार द्वारा पिछले विधानसभा चुनाव में जारी घोषणा-पत्र की वर्तमान स्थिति का ब्यौरा लिया।
उन्होंने घोषणा-पत्र समिति के प्रभारी से कहा कि राज्य सरकार के पूरे किए गए कार्यों को जनता के बीच रखें। बैठक में घोषणा-पत्र समिति के अध्यक्ष मो. अकबर सहित रविंद्र चौबे, डा. शिव कुमार डहरिया, उमेश पटेल, डा. प्रेमसाय सिंह, धनेंद्र साहू आदि मौजूद थे।
महंगाई से राहत देना प्राथमिकता
घोषणा-पत्र समिति की दूसरी बैठक में भी महंगाई को केंद्र में रखते हुए चर्चा हुई। कुमारी सैलजा ने कहा कि महंगाई से आम नागरिक त्रस्त है, लेकिन इसका सामना सबसे ज्यादा महिलाओं को करना पड़ रहा है। केंद्र सरकार की महंगाई बढ़ाओ नीति की वजह से यह स्थिति है। रसोई गैस सिलेंडर की कीमतों से महंगाई का अंदाजा लगाया जा सकता है। छत्तीसगढ़ में ही इसकी कीमत 1200 रुपये के करीब पहुंच चुकी है।
घोषणा-पत्र समिति ने प्रदेश प्रभारी को बताया कि महिलाओं की समिति का गठन इसलिए किया गया है, ताकि घोषणा-पत्र द्वारा गठित समिति की सदस्य सीधे तौर पर आम जनता से रूबरू हो और जमीनी स्तर पर महिलाओं की जरूरतों को समझ सके। इसके आधार पर घोषणा-पत्र में बिदुओं को शामिल किया जाएगा।
.

Recent Stories