मुंबई। महाराष्ट्र मंत्रिमंडल ने राज्य में सभी मौजूदा कोरोना प्रतिबंधों को हटाने का फैसला किया है। अब सभी त्योहार धूमधाम से मनाए जा सकते हैं। हालांकि मास्क पहनना अनिवार्य होगा। मंत्री जितेंद्र आव्हाड ने वीरवार को ट्वीट कर यह जानकारी दी। इस बीच, महाराष्ट्र में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस संक्रमण के 183 नए मामले सामने आए, 219 ठीक हुए और एक की मौत हुई है। प्रदेश में कुल सक्रिय मामले 90 हैं। इधर, देश में गुरुवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 1225 नए मामले सामने आने के साथ ही संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर 4,30,24,440 हो गई, जबकि कोरोना वायरस संक्रमण के सक्रिय मामले घटकर 14,307 रह गए हैं।
स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से सुबह आठ बजे जारी आंकड़ों के अनुसार, एक दिन में 28 और मौतों के साथ इस महामारी से मरने वालों की कुल संख्या बढ़कर 5,21,129 हो गई। इन मौतों में 21 मौतें अकेले केरल में हुई।मंत्रालय कोरोना से ठीक होने की दर 98.76 प्रतिशत, दैनिक कोविड पाजिटिविटी दर 0.20 प्रतिशत और साप्ताहिक पाजिटिविटी दर 0.23 प्रतिशत दर्ज की गई। बीते 24 घंटों में कोरोना के 6,07,987 नमूनों की जांच के साथ, अब तक कुल 78.91 करोड़ नमूनों की जांच हो चुकी है। वहीं, देश भर में चलाए जा रहे टीकाकरण अभियान के तहत गुरुवार शाम तक लोगों को 184.02 कोरोनारोधी वैक्सीन की डोज दी जा चुकी हैं।


