दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के अंतर्गत अकलतरा फाटक के पास मालगाड़ी के 9 डिब्बे पटरी से उतरने की सीनियर डीएसओ ने जांच शुरू कर दी है। जांच दल को पटरी टूटने के अलावा फिश प्लेट और ब्रेक बिम का टुकड़ा भी मिला है। प्राथमिक तौर पर इसे ही हादसे की वजह माना जा रहा है। हालांकि सीनियर डीएसओ की जांच पूरी होने के बाद ही कारण का पता चल सकेगा। इधर, हादसे के करीब 32 घंटे बाद मुंबई-हावड़ा रूट पर तीनों लाइनों पर ट्रेनों का परिचालन बहाल हो सका। हालांकि अभी भी कई ट्रेनें रद्द हैं या देर से चल रही हैं। यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे की ओर से बस चलाई जा रही है।
अकलतरा रेलवे फाटक के पास हुई मालगाड़ी दुर्घटना के 32 घंटे बाद भी कारणों का पता नहीं चल सका है। शुक्रवार को जांच के लिए पहुंची टीम को एक जगह पर टूटी पटरी और दूसरी जगह पर उखड़ा हुआ फिश प्लेट मिला। वहीं, एक ब्रेक बिम का टूटा हुआ टुकड़ा भी मिला है। इसी आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। जिस जगह पर हादसा हुआ वहां पर मालगाड़ी पटरी बदल रही थी। क्रासिंग पाइंट पर भी गड़बड़ी हो सकती है।
बता दें कि गुरुवार को दोपहर करीब 3 बजे बिलासपुर से कोरबा जा रही एन बाक्स मालगाड़ी के 9 डिब्बे अकलतरा रेलवे फाटक के करीब पटरी से उतर गए थे। इस हादसे के बाद मुंबई-हावड़ा रूट पर ट्रेनों की आवाजाही बंद हो गई। बड़ी संख्या में ट्रेनों को रद्द करने के साथ ही दूसरे रूट से रवाना किया गया। दुर्घटना के 10 घंटे बाद रात 12 बजे के बाद अप लाइन को शुरू कर धीरे-धीरे ट्रेनों को आगे बढ़ाया गया था। वहीं लगभग 22 घंटे बाद डाउन लाइन को भी क्लीयर कर उसमें से ट्रेन को चलाना शुरू किया गया। मिडिल लाइन जिस पर चल रही मालगाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हुई थी उसको क्लीयर करने में 32 घंटे लगे यानी हावड़ा रूट को पूरी तरह से यातायात के लिए सामान्य होने में इतना समय लग गया।
यात्रियों के लिए विशेष सुविधा
छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस में कोरबा, चांपा, जांजगीर-नैला, अकलतरा स्टेशनों से यात्रा करने वाले यात्रियों की विशेष सुविधा हेतु निःशुल्क बस सेवा का प्रबंध किया गया। शिवनाथ एक्सप्रेस के यात्रियों को लिंक एक्सप्रेस से बिलासपुर तक तथा बिलासपुर से शिवनाथ एक्सप्रेस में उनके गंतव्य तक पहुंचाने की व्यवस्था रेलवे प्रशासन ने की।
पहले रवाना हुई ये ट्रेनें
18239 कोरबा-इतवारी शिवनाथ एक्सप्रेस बिलासपुर स्टेशन से रवाना हुई। ये ट्रेन कोरबा-बिलासपुर के मध्य रद्द रहेगी। 12069 रायगढ़-गोंदिया जनशताब्दी, बिलासपुर स्टेशन से रवाना हुई। ये ट्रेन रायगढ़-बिलासपुर के मध्य रद्द रही। 08862 झारसुगुड़ा-गोंदिया, बिलासपुर स्टेशन से रवाना हुई। ये ट्रेन झारसुगुड़ा-बिलासपुर के मध्य रद्द रही। 18237 कोरबा-अमृतसर छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस, बिलासपुर स्टेशन से अमृतसर के लिए रवाना हुई तथा कोरबा-बिलासपुर के मध्य रद्द रही। 12409 रायगढ़-निज़ामुद्दीन गोंडवाना एक्सप्रेस, बिलासपुर स्टेशन से निज़ामुद्दीन के लिए रवाना।हुई ये ट्रेन रायगढ़-बिलासपुर के मध्य रद्द रही।
ये ट्रेनें रद्द रहीं
08186 दुर्ग-हटिया एक्सप्रेस। 08734-08733 बिलासपुर-गेवरा रोड-बिलासपुर मेमू स्पेशल। 08738-08737 बिलासपुर-रायगढ़-बिलासपुर मेमू स्पेशल।18250 कोरबा- रायपुर हसदेव एक्सप्रेस। 08279 कोरबा- रायपुर मेमू स्पेशल। 08261 बिलासपुर– रायपुर मेमू स्पेशल। बिलासपुर-टिटलागढ़ पैसेंजर स्पेशल। बिलासपुर-गेवररोड मेमू स्पेशल। बिलासपुर-कोरबा पैसेंजर स्पेशल रद्द रही।
देरी से चलने वाली गाडियां
शुक्रवार को शालीमार से चलने वाली ट्रेन नंबर 12152 शालीमार-कुर्ला एक्सप्रेस 04.00 घंटे। शालीमार से चलने वाली ट्रेन नंबर 12906 शालीमार-पोरबंदर एक्सप्रेस 7 घंटे और पुणे से चलने वाली ट्रेन पुणे-हावड़ा आजाद हिन्द एक्सप्रेस 7 घंटे देरी से रवाना हुई इसलिए ये ट्रेनें शनिवार को विलंब से बिलासपुर पहुंचेंगी।


