यूनाइडेट नेशंस सिक्योरिटी काउंसिल में भारत ने 26/11 हमले में वांटेड लश्कर के आतंकी साजिद मीर का ऑडियो जारी किया है। इसमें वह मुंबई में शामिल पाकिस्तानी आतंकियों को निर्देश दे रहा है। अमेरिका ने कल यानी 20 जून को काउंसिल की बैठक में साजिद मीर को ग्लोबल टेररिस्ट घोषित करने का प्रस्ताव रखा था। भारत इसका सह प्रस्तावक था।
चीन ने UN काउंसिल की 1267 कमेटी (अल-कायदा और तालिबान पर प्रतिबंध के लिए बनी समिति) की मीटिंग में लाए गए अमेरिका और भारत के इस प्रस्ताव को रोक दिया था। बुधवार को भारतीय विदेश मंत्रालय के ज्वाइंट सेक्रेटरी प्रकाश गुप्ता ने इस पर भारत का पक्ष रखते हुए UN असेंबली में आतंकी का ऑडियो सुनाया।

8 महीने पहले जयशंकर की मौजूदगी में भी प्ले किया था ऑडियो
28 अक्टूबर 2022 को UNSC की बैठक मुंबई के ताज होटल में ही हुई थी। तब विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर की मौजूदगी में साजिद मीर का एक और ऑडियो क्लिप प्ले किया गया था। इसमें वो फोन पर आतंकियों से कह रहा था- जहां भी मूवमेंट दिखे, जहां भी लोग हों वहां फायर ठोको।
पाकिस्तान ने मीर की मौत का ड्रामा किया था, फिर 15 साल की सजा सुनाई
पाकिस्तान ने दुनिया की आंखों में धूल झोंकने के लिए साजिद मीर को मृत घोषित कर दिया था। उसका DNA टेस्ट भी कर दिया गया, लेकिन बाद में पता चला कि वो जिंदा है। अंतरराष्ट्रीय दबाव में पाकिस्तान ने उसे अरेस्ट किया। जून में उसे आतंकवादियों को पैसा देने के आरोप में पाकिस्तान के कोर्ट ने 15 साल जेल की सजा सुनाई थी।


