Tuesday, February 17, 2026

बिल्ली ने लगाई 100 करोड़ की चपत:पिंपरी चिंचवाड़ में ट्रांसफॉर्मर में फंसी बिल्ली, 8 घंटे बत्ती गुल रही; 7000 से ज्यादा मैन्युफैक्चरिंग यूनिट ठप

पुणे से सटे पिंपरी चिंचवाड़ में एक बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया है। दावा किया जा रहा है कि यहां एक बिल्ली की वजह से 8 घंटे तक बिजली गुल रही और इससे तकरीबन 100 करोड़ का नुकसान हुआ है। यह बिल्ली पिंपरी चिंचवड़ के महापरेशन पावर ट्रांसफार्मर के अंदर फंस गई थी, जिसके कारण पिंपरी चिंचवाड़ शहर में भीषण गर्मी के बीच लोगों को 8 घंटे तक पॉवरकट झेलना पड़ा।

पिंपरी देश का सबसे बड़ा ऑटोमोबाइल हब माना जाता है। कई बड़ी उद्योगिक कंपनियां इस इलाके के MIDC में स्थापित हैं। करीब 7500 प्रोडक्शन यूनिट पिंपरी चिंचवड़ महानगर निगम क्षेत्र में मौजूद हैं। ऐसे में पॉवर कट की वजह से ज्यादातर यूनिट्स में 8 घंटे तक प्रोडक्शन लगभग ठप रहा। अंदाजा लगाया जा रहा रहा है कि उद्योग जगत को इससे 100 करोड़ रुपए से ज्यादा का नुकसान हुआ है।

हालांकि, बिजली के झटके से बिल्ली की मौत हो गई, लेकिन उसे बाहर निकालकर बिजली फिर से चालू करने में महापरेशन अधिकारियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

पिंपरी के भोसरी में महापरेशन कंपनी के हाई वोल्टेज 220 केवी सबस्टेशन पर 100 एमवीए क्षमता का बिजली ट्रांसफार्मर बुधवार सुबह 6 बजे खराब हो गया था। नतीजतन, इस ट्रांसफार्मर की 10 बिजली लाइनें काट दी गईं और भोसरी MIDC परिसर के साथ-साथ नेहरू नगर, यशवंतनगर, शांतिनगर, इंद्रायणी नगर, चक्रपानी कॉलोनी, शास्त्री के लगभग 4500 औद्योगिक ग्राहक कट गए। भोसरी क्षेत्र और आकुर्दी क्षेत्र में हजारों ग्राहकों की बिजली आपूर्ति काट दी गई।

इसी तरह की एक और घटना पुणे के शुक्रवार पेठ इलाके में गुरुवार सुबह हुई है। यहां एक 30 फीट टॉवर पर बिल्ली फंस गई थी। तकरीबन 3 घंटे के रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद बिल्ली को सही सलामत नीचे उतार लिया गया। इस घटना की जानकारी शफीक सय्यद नाम के शख्स ने दमकल कर्मियों को दी थी। दमकल विभाग के कर्मचारी घटनास्थल पहुंचे और रस्सी और बास्केट के सहारे बिल्ली को 30 फिट टॉवर पर फंसी बिल्ली को रेस्क्यू किया गया।

.

Recent Stories