चलती बाइक पर उतारी शर्ट, पुलिस ने करवाई उठक-बैठक:स्पोर्ट्स बाइक पर स्टंट करना पड़ा महंगा; सोशल मीडिया में मीम भी किया शेयर

छत्तीसगढ़ में इन दिनों सोशल मीडिया पर महंगी रेसिंग बाइक पर स्टंट करते युवाओं पर पुलिस की कड़ी नजर बनी हुई है। रायपुर पुलिस ने चलती स्पोर्ट्स बाइक पर स्टंट करते और शर्ट उतारते युवक को हिरासत में लिया और उससे कान पकड़कर उठक-बैठक करवाई।

साथ ही उस युवक का मीम बनाकर पुलिस ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर शेयर भी किया है, जिसे लोग खूब शेयर कर रहे हैं। बता दें कि सोशल मीडिया पर एक वीडियो इन दिनों जमकर वायरल हो रहा है। इसमें 3 बाइक पर सवार युवा लहराते हुए गाड़ी चला रहे हैं। साथ ही सामने बाइक पर चल रहा उनका साथी उनकी रील्स बना रहा है।

ये युवा भले-बुरे में फर्क क्या है! स्वर्ग क्या है नर्क क्या है, सॉन्ग पर अलग-अलग तरह की स्टाइल मार रहे हैं। आगे के वीडियो में नीली बाइक पर सवार एक युवक ने आंखों पर काला चश्मा लगाया है और चलती हुई बाइक पर अपनी शर्ट उतारकर पोज दे रहा है। इन युवाओं में से किसी ने भी हेलमेट तक नहीं पहना है।

लिस ने जारी किया मीम वीडियो

रायपुर पुलिस ने मीम फॉर्मेट में एक वीडियो बनाकर भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर शेयर किया है। इसमें शुरुआती कुछ सेकंड में इस बदमाश युवक का स्टंट करते हुए वीडियो है। उसके बाद जॉनी लीवर की फिर हेराफेरी फिल्म का एक डायलॉग आता है कि अब मजा आयेगा न बीड़ू। उसके बाद वह युवक पुलिस थाने में कान पकड़ते हुए उठक-बैठक करता हुआ दिखाई दे रहा है।

साथ ही वह रायपुर पुलिस से माफी मांगते हुए किसी को भी ऐसा नहीं करने की सलाह दे रहा है। इस वीडियो के साथ ही रायपुर पुलिस ने स्टंटबाज युवाओं को चेतावनी दी है कि वे इस तरह की हरकतें बिल्कुल भी न करें, नहीं तो चालानी कार्रवाई के साथ-साथ लाइसेंस भी निरस्त किया जाएगा।

.

Recent Stories