Monday, December 8, 2025

38 करोड़ बरामदगी के बाद WAPCOS के पूर्व CMD गिरफ्तार:बेटा भी अरेस्ट; दिल्ली समेत 19 ठिकानों पर CBI की रेड, कीमती सामान मिले

CBI ने आय से अधिक संपत्ति के मामले में बुधवार को वाटर एंड पावर कंसल्टेंसी (WAPCOS) के पूर्व CMD राजेंद्र कुमार गुप्ता और उनके बेटे गौरव सिंगल को गिरफ्तार कर लिया। जांच एजेंसी ने मंगलवार को ही उनके दिल्ली समेत 19 ठिकानों पर रेड डाली थी। पहले दिन उनके घर से 20 करोड़ रुपए कैश बरामद किए गए। बुधवार को हुई कार्रवाई में यह आंकड़ा 38 करोड़ रुपए पहुंच गया।

जांच एजेंसी ने राजेंद्र कुमार गुप्ता और गौरव सिंगल के दिल्ली, चंडीगढ़, गुरुग्राम, सोनीपत और गाजियाबाद सहित 19 ठिकानों पर छापेमारी की। इनमें कैश, अन्य कीमती सामान और संपत्तियों के दस्तावेज जब्त किए गए हैं।

WAPCOS में गुप्ता का कार्यकाल 1 अप्रैल 2011 से 31 मार्च 2019 तक रहा। जांच एजेंसी ने इस दौरान जमा की गई संपत्ति के मामले में केस दर्ज किया था।

मंगलवार को 20 करोड़ रुपए नकद जब्त किए गए: CBI

न्यूज एजेंसी PTI के मुताबिक, CBI के एक प्रवक्ता ने बताया कि नकदी और कीमती ज्वेलरी के साथ ही आरोपियों की कथित अचल संपत्तियों का भी पता चला है। इनमें फ्लैट, व्यवसायिक संपत्तियां, दिल्ली, गुरुग्राम, पंचकूला, सोनीपत और चंडीगढ़ स्थित फार्म हाउस शामिल हैं। आरके गुप्ता और उनके परिवार पर रिटायरमेंट के बाद दिल्ली में एक प्राइवेट कंसल्टेंसी बिजनेस स्थापित करने का भी आरोप है।

कौन हैं राजेंद्र कुमार गुप्ता?
राजेंद्र कुमार गुप्ता केंद्रीय जल शक्ति मंत्रालय के अंतर्गत आने वाली WAPCOS लिमिटेड के पूर्व चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर हैं। ये एक पब्लिक सेक्टर कंपनी है, जिसका मालिकाना हक पूरी तरह केंद्र सरकार के पास है। केंद्रीय जल शक्ति मंत्रालय इसके संचालन का काम देखता है।

क्या काम करती है WAPCOS?
WAPCOS की वेबसाइट पर दी गई जानकारी के मुताबिक यह कंपनी भारत के साथ-साथ विदेशों में व्यवसाय और समुदाय से संबंधित पानी, बिजली और इन्फ्रास्ट्रक्चर क्षेत्रों में इंजीनियरिंग कंसल्टेशन सर्विसेज और निर्माण-कार्य का काम देखती है। राजेंद्र गुप्ता 2018 में इसके CMD बनाए गए थे। CMD रहते हुए उन पर करप्शन के जरिए करोड़ों की काली कमाई का आरोप लगा था।

.

Recent Stories