रूस-यूक्रेन जंग का आज 21वां दिन है। रूस लगातार यूक्रेनी शहरों में नागरिक इलाकों पर बमबारी कर रहा है। हमले के बीच कई भारतीय फंस गए थे। इन्हें रूसी शहरों के रास्ते भी वापस लाया जा रहा है। खेर्सोन में फंसे 3 भारतीयों को सिम्फरोपोल और मॉस्को के रास्ते सुरक्षित निकाल लिया गया।
इधर, रूस ने मरियुपोल के सबसे बड़े अस्पताल पर कब्जा कर लिया है। यहां के डिप्टी मेयर ने कहा कि रूस के सैनिकों ने डॉक्टरों और मरीजों सहित 400 लोगों को बंधक बना लिया है। उन्हें बाहर आने-जाने नहीं दिया जा रहा है।
- यूरोपियन यूनियन रेगुलेटर्स ने कुछ बैंकों को यूरोपीय संघ के निवासियों सहित सभी रूसी और बेलारूसी ग्राहकों के लेनदेन की जांच करने को कहा है।
- यूक्रेन पर हमले को लेकर अमेरिकी सीनेट ने पुतिन के खिलाफ वॉर क्राइम की जांच की मांग वाले प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है।
- NATO सचिव-जनरल जेन्स स्टोलटेनबर्ग ने कहा- हम चिंतित हैं कि मास्को यूक्रेन में संभवतः रासायनिक हथियारों सहित एक झूठा अभियान चला सकता है।
- कनाडा सरकार ने 15 और रूसी अधिकारियों पर गंभीर प्रतिबंध लगा दिए हैं। इसमें सरकार और सैन्य वर्ग के लोग शामिल हैं। अब तक 500 रूसी लोगों पर प्रतिबंध लग चुके हैं।
- ब्रिटेन 370 हाई प्रोफाइल रूसी लोगों पर प्रतिबंध लगा रहा है। इसमें रोमन अब्रामोविच भी शामिल हैं।
- यूक्रेन ने दावा किया है कि जंग में लगभग 13,500 रूसी सैनिक मारे गए हैं। कई मिलिट्री इक्विपमेंट्स को भी तबाह किया गया है।


