रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल आज शाम राजधानी रायपुर के एक निजी होटल में स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयोजित कायाकल्प: स्वच्छ अस्पताल योजना अंतर्गत राज्य स्तरीय पुरस्कार वितरण समारोह में शामिल हुए. उन्होंने कार्यक्रम में स्वच्छ अस्पताल योजना अंतर्गत चयनित अस्पतालों को पुरस्कार वितरित कर उनके बेहतर प्रबंधन के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दी. कार्यक्रम की अध्यक्षता स्वास्थ्य एवं चिकित्सा मंत्री टी.एस. सिंहदेव ने की.
मुख्यमंत्री बघेल ने समारोह को सम्बोधित करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ में स्वस्थ्य सुविधाओं के विस्तार पर विशेष जोर दिया जा रहा है, जिससे लोगों को सुगम इलाज की सुविधा उपलब्ध हो सके. यही वजह है कि अब शासकीय अस्पतालों में सुविधाओं के तेजी से हो रहे विस्तार से लोगों का विश्वास बढ़ने लगा है. उन्होंने कहा कि राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं को आम जनता तक पहुंचाना और स्वास्थ्य अधोसंरचना को बेहतर बनाना हमारी सरकार की प्राथमिकता रही है.


