नई दिल्ली। कांग्रेस नेता राहुल गांधी मोदी सरनेम को लेकर मानहानि मामले में दोषी ठहराए जाने के खिलाफ आज गुजरात के सूरत स्थित सत्र अदालत में अपील दाखिल करेंगे. अपील दायर करते वक्त राहुल खुद अदालत में मौजूद रहेंगे. सूरत के लिए रवाना होने से पहले कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी और पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी राहुल से मिलने के लिए उनके आवास पर पहुंची, जहां से प्रियंका गांधी के साथ रवाना होंगे.
राहुल गांधी मेट्रोपोलिटन अदालत के आदेश को चुनौती देने वाली याचिका दाखिल करने के लिए सत्र अदालत में मौजूद रहेंगे. वकील किरीट पानवाला ने बताया कि राहुल गांधी दोपहर करीब 3 बजे अपील दाखिल करने के लिए सूरत में सत्र अदालत पहुंचेंगे. पार्टी सूत्रों का कहना है कि राहुल गांधी सोमवार दोपहर को सूरत पहुंचने पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भी वहां मौजूद रहेंगे.जिन नेताओं के सूरत में मौजूद रहने की बात कही जा रही है, उनमें प्रियंका गांधी, केसी वेणुगोपाल, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सुक्खू के अलावा दिग्विजय सिंह, कुमारी सैलजा, पवन बंसल, तारिक अनवर, आनंद शर्मा, हरीश रावत, नाना पटोले, बाला साहेब थोराट, देवेंद्र यादव के अलावा अन्य नेता शामिल हैं.


