छत्तीसगढ़ में मिला 11 फीट लंबा किंग कोबरा:महुआ बीनने गए लोगों के उड़े होश, फन फैलाकर बैठा हुआ था सांप

कोरबा जिला मुख्यालय से 40 किलोमीटर दूर शनिवार को 11 फीट लंबे कोबरा सांप को रेस्क्यू किया गया है। सोलवा ग्राम पंचायत के छुईढोढा के पास उस वक्त लोगों के हाथ-पैर फूल गए, जब उन्होंने अपने घर के पास स्थित बाड़ी में 11 फीट लंबा कोबरा सांप देखा। बाद में लोगों की जानकारी पर स्नेक रेस्क्यू टीम वहां पहुंची और कोबरा को पकड़ लिया, जिसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली।

लोगों ने बताया कि वे महुआ बीनने के साथ ही अपनी बाड़ी में काम भी कर रहे थे, तभी उन्होंने किंग कोबरा को फन फैलाए हुए बैठे देखा। दुनिया के जहरीले सांपों में से एक कोबरा को देख वे सारा काम छोड़कर वहां से भाग खड़े हुए। कोबरा के बाड़ी में होने की खबर पूरे गांव में फैल गई। मौके पर काफी संख्या में भीड़ इकट्ठी हो गई। वे दूर से ही कोबरा को देख रहे थे। ग्रामीणों ने स्नेक कैचर जितेंद्र सारथी को तुरंत सूचना दी।

11 फीट लंबे किंग कोबरा को रेस्क्यू करते स्नेक रेस्क्यू टीम के सदस्य।
11 फीट लंबे किंग कोबरा को रेस्क्यू करते स्नेक रेस्क्यू टीम के सदस्य।

खबर मिलते ही वन विभाग की टीम और स्नेक कैचर जितेंद्र सारथी गांव में पहुंचे। उन्होंने मौके से लोगों को हटाया, ताकि रेस्क्यू के दौरान कोबरा उन पर हमला न कर दे। कोबरा सांप काफी आक्रामक माना जाता है। जैसे ही लोगों ने इलाके को खाली किया, तो जितेंद्र सारथी ने 11 फीट लंबे कोबरा को रेस्क्यू किया। इस दौरान वन विभाग के उच्च अधिकारी भी मौजूद रहे। रेस्क्यू करके कोबरा को इसके प्राकृतिक आवास यानि जंगल में छोड़ा गया, तब जाकर सभी ने राहत भरी सांस ली।

बाड़ी में फन फैलाए बैठे किंग कोबरा को देखकर उड़ गए लोगों के होश।
बाड़ी में फन फैलाए बैठे किंग कोबरा को देखकर उड़ गए लोगों के होश।

वन विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों और स्नेक कैचर जितेंद्र सारथी ने लोगों को सांप को नहीं मारने को लेकर जागरूक किया। साथ ही कहा कि जब भी उन्हें सांप दिखाई दे, तो वे तुरंत इसकी सूचना वन विभाग को दें। उन्होंने किंग कोबरा को बचाने की अपील भी लोगों से की।

बता दें कि छत्तीसगढ़ का कोरबा जिला जैव विविधता के लिए जाना जाता है। यहां का वातावरण वन्यप्राणियों खासतौर पर सांप के लिए अनुकूल है। जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में किंग कोबरा की मौजूदगी दर्ज की गई है, जो जिले के साथ-साथ प्रदेश के लिए बड़े गर्व का विषय है। हाल ही में वन विभाग ने किंग कोबरा का सर्वे कराया था, जिसमें पाया गया कि ये यहां बहुत लंबे समय से निवास कर रहे हैं। उनके लिए कोरबा का जंगल बहुत ही अनुकूल वातावरण प्रदान करता है।

2 साल पहले भी कोरबा में 15 फीट का किंग कोबरा पकड़ा गया था।
2 साल पहले भी कोरबा में 15 फीट का किंग कोबरा पकड़ा गया था।

बार-बार रिहायशी इलाके में आ जाता है कोबरा

स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि किंग कोबरा पहले भी रिहायशी इलाकों में आता रहा है। वन विभाग के अधिकारी ने बताया कि किंग कोबरा का रेस्क्यू काफी मुश्किल होता है। मगर हमारी टीम की मदद से इसे पकड़ लिया गया है। उन्होंने बताया कि कोरबा जिले में पहले भी किंग कोबरा मिल चुका है। ये जिला किंग कोबरा कंजर्वेशन के लिए ही है। यहां प्रोजेक्ट चल रहा है। हमारी अपील है कि यदि किसी के घर में भी यदि किंग कोबरा दिखे, तो हमें सूचना दी जाए।

कोबरा सांप की औसत लंबाई 12 से 14 फीट तक की होती है।
.

Recent Stories