प्रयागराज में 24 फरवरी को हुए उमेश पाल हत्याकांड का नया CCTV सामने आया है। 32 सेकेंड का यह फुटेज उमेश के घर की गली में हुए शूटआउट का है। इसमें गोली लगने के बाद उमेश गली में भागते नजर आ रहे हैं। तभी पीछे से आकर शूटर गुलाम मोहम्मद उन्हें पकड़ लेता है। गर्दन पकड़कर उमेश को झुका देता है।
गोली लगने के बावजूद उमेश उससे भिड़ जाते हैं। उसके चंगुल से खुद को छुड़ाकर भागने लगते हैं। तभी पीछे से अतीक अहमद का बेटा असद दौड़ता हुआ आता है और उमेश की पीठ पर दो फायर कर देता है।
इसके बाद उमेश अपने भाई के घर के अंदर घुस जाते हैं। उनका गनर भी गली से उमेश के घर की तरफ भागता है। तभी पीछे से झोले में बम लिए शूटर गुड्डू मुस्लिम आता है। वह बम सिपाही पर फेंक देता है। बम फटने के बाद CCTV बंद हो जाता है।उमेश हत्याकांड के बाद यह फुटेज 20 दिन बाद सामने आया है। इसके पहले जितने भी फुटेज सामने आए थे, वह गली के बाहर के थे, जहां उमेश पर सबसे पहले हमला हुआ था। हमले में उमेश और उनके दोनों गनर संदीप और राघवेंद्र भी मारे गए थे।
उमेश का घर इसी गली में 40 मीटर अंदर है। सड़क से उनके घर का यह एकमात्र रास्ता है। अगल-बगल उनके भाई और रिश्तेदारों के मकान हैं। गोली लगने के बाद उमेश जिस घर में घुसे, वह उनके भाई का है। उमेश अंदर जाकर सोफे पर बैठ गए थे। हालांकि, थोड़ी देर बाद ही वह बेसुध होकर गिर पड़े थे। गुड्डू ने जिस गनर पर बम फेंका था उसकी भी मौत हो गई थी।


