भारतीय टीम के स्टार क्रिकेटर विराट कोहली तीनों फॉर्मेट में शतकों को सूखा खत्म कर चुके हैं। रविवार को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अहमदाबाद में कोहली ने टेस्ट में 1,205 दिन, 23 मैच और 41 पारियों के बाद सेंचुरी लगाई है। यह उनका 28वां टेस्ट शतक है। उन्होंने 27वां टेस्ट शतक नवंबर 2019 में बांग्लादेश के खिलाफ लगाया था।
पिछले साल सितंबर में एशिया कप से विराट की फॉर्म में वापसी का दौर शुरू हुआ है। तब से उनका बैटिंग का पुराना अंदाज वापस आने लगा। हालांकि, विराट खुद काफी बदले-बदले दिखने लगे। पहले विराट का मतलब अग्रेशन और बेचैनी होता था, लेकिन अब वे स्थिर और अश्योर्ड दिखने लगे हैं।
इस वापसी के लिए क्रिकेट के मैदान पर जम कर पसीना बहाने के अलावा उन्होंने पिछले 5 महीनों में धार्मिक यात्राएं भी जमकर कीं। विराट उत्तराखंड में नीम करौली बाबा से लेकर उज्जैन स्थित महाकाल मंदिर तक अपने परिवार के साथ दर्शन करने और आशीर्वाद लेने के लिए पहुंचे।
इस स्टोरी में हम आगे जानेंगे कि कोहली ने देशभर में पिछले 5 महीनों में कहां-कहां दर्शन किए…
17 नवंबर 2023 : कैंची धाम, नैनीताल
विराट कोहली पत्नी अनुष्का शर्मा के साथ टी-20 वर्ल्ड कप के बाद नवंबर 2022 में उत्तराखंड के कुमाऊं स्थित कैंची धाम पहुंचे। यहां उन्होंने बाबा नीम करौली महाराज के मंदिर में दर्शन किए। धाम में विंध्यवासिनी देवी, राधा कृष्ण, वैष्णो देवी, हनुमान मंदिर के दर्शन के बाद बाबा की प्रात: कालीन आरती में भी हिस्सा लिया था।

4 जनवरी 2023 : नीम करौली बाबा समाधि, वृन्दावन
श्रीलंका के खिलाफ टी-20 सीरीज से पहले नए साल में विराट कोहली भगवान कृष्ण की नगरी वृंदावन गए थे। वहां उन्होंने अनुष्का के साथ बाबा नीम करौली की समाधि के दर्शन किए। विराट और अनुष्का की वृन्दावन विजिट पूरी तरह गोपनीय थी। इसकी किसी को भनक तक नहीं लगी थी। पहले दोनों बाबा नीम करौली की समाधि के दर्शन करने पहुंचे और फिर आनंदमई आश्रम गए, जहां उन्होंने संतों से मुलाकात की। इसके साथ ही दोनों ने बांके-बिहारी सहित वहां स्थित प्रमुख मंदिरों में भी दर्शन किए।
31 जनवरी, 2023 : दयानंद गिरि आश्रम, ऋषिकेश
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट सीरीज से पहले विराट कोहली और अनुष्का शर्मा ऋषिकेश पहुंचे थे। दोनों ने वहां दयानंद गिरि आश्रम में उनकी समाधि के दर्शन किए। विराट और अनुष्का ने धार्मिक अनुष्ठान में हिस्सा लिया और भंडारे का आयोजन करवाया था।

4 मार्च 2023 : महाकालेश्वर मंदिर, उज्जैन
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीसरे टेस्ट के बाद विराट कोहली और अनुष्का शर्मा इंदौर से उज्जैन के महाकालेश्वर मंदिर पहुंचे। दोनों ने सुबह 4 बजे भस्म आरती की और भगवान का आशीर्वाद लिया। विराट-अनुष्का मंदिर में करीब डेढ़ घंटे तक नंदी हॉल में बैठे।
आरती के बाद दोनों ने मंदिर के गर्भगृह में जाकर पंचामृत पूजन अभिषेक किया। विराट ने गले में रुद्राक्ष की माला भी धारण की थी।
