सरकारी अस्पताल में बर्थ डे, मरीज होते रहे परेशान:हॉस्पिटल स्टाफ ने वार्ड में मनाया अपना जन्मदिन, केक कटिंग और तेज म्यूजिक पर नाच-गाना

सूरजपुर जिले के बिहारपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कर्मचारी के बर्थ डे मनाने का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। वीडियो में अस्पताल स्टाफ को केक काटते और म्यूजिक बजाकर बाकी कर्मचारियों को नाचते-गाते हुए साफ देखा जा सकता है। वीडियो 2-3 दिन पुराना बताया जा रहा है।

जानकारी के मुताबिक, 25 फरवरी को संविदा कर्मचारी तुलेश्वर जायसवाल का जन्मदिन था। इसके लिए वार्ड में ही सजावट की गई थी और वहीं पर केक काटने और नाचने-गाने का इंतजाम किया गया था। ये जन्मदिन उस वार्ड में ही मनाया गया, जिसमें कई मरीज भर्ती थे। इस शोरगुल और नाचने-गाने से मरीजों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। सबसे बड़ी बात तो ये है कि इस बर्थडे पार्टी में अस्पताल प्रभारी डॉक्टर सुरेश मिश्रा भी शामिल हुए। इसके अलावा डॉक्टर शैलेंद्र अग्रहरी सहित स्टाफ नर्स, एंबुलेंस चालक सभी यहां मौजूद थे।

तेज म्यूजिक बजाकर अस्पताल स्टाफ ने जमकर किया डांस, मरीज होते रहे परेशान।
तेज म्यूजिक बजाकर अस्पताल स्टाफ ने जमकर किया डांस, मरीज होते रहे परेशान।

इन सभी ने वहीं पर खाया-पिया और नाच-गाना किया। मरीजों का कहना है कि जब अस्पताल प्रभारी ही मरीजों के प्रति इस तरह का संवेदनहीन रवैया अपनाएंगे, तो बाकी लोगों का क्या होगा। कुछ स्थानीय लोगों ने बताया कि ये कोई पहली बार नहीं है, बल्कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इस तरह का आयोजन आम बात है। अस्पताल स्टाफ को मरीजों की दिक्कत से कोई लेना-देना नहीं है।

25 फरवरी को संविदा कर्मचारी तुलेश्वर जायसवाल का जन्मदिन था। केक काटते हुए स्टाफ तुलेश्वर।
25 फरवरी को संविदा कर्मचारी तुलेश्वर जायसवाल का जन्मदिन था। केक काटते हुए स्टाफ तुलेश्वर।

स्थानीय लोगों का कहना है कि एक तो सरकारी अस्पतालों में डॉक्टर समय पर नहीं आते, उनका व्यवहार भी मरीजों के साथ अच्छा नहीं रहता, यहां तक कि निजी अस्पतालों में मरीजों को भेजकर पैसा ठगने की भी तमाम शिकायतें मिलती रही हैं, ऊपर से कर्मचारियों ने अस्पताल परिसर को मौज-मस्ती का अड्डा बना लिया है।

तुलेश्वर जायवाल को टीका लगाते हुए अस्पताल के डॉक्टर और अन्य कर्मचारी।
.

Recent Stories