दिग्गज एक्टर धर्मेंद्र ने बुधवार को अपनी अपकमिंग वेब सीरीज ‘ताज: डिवाइडेड बाय ब्लड’ का पहला लुक शेयर किया। वो इस सीरीज में सूफी संत शेख सलीम चिश्ती का किरदार निभा रहे हैं। फर्स्ट लुक देखने के बाद एक ट्विटर यूजर ने धर्मेंद्र को ट्रोल करते हुए उन्हें स्ट्रगलिंग एक्टर कह दिया, जिस पर धर्मेंद ने बड़े ही प्यारे अंदाज में जवाब दिया। धर्मेंद्र के इस जेश्चर ने अब फैंस को उनका मुरीद बना दिया है।
धर्मेंद्र ने शेयर किया था अपना पहला लुक
दरअसल, धर्मेंद्र ने 15 फरवरी को लुक शेयर करते हुए लिखा- ‘दोस्तों मैं ‘ताज:डिवाइडेड बाय ब्लड’में शेख सलीम चिश्ती का किरदार निभा रहा हूं, जो कि एक सूफी संत थे। यह एक छोटा लेकिन इंपॉर्टेंट रोल है। आपकी शुभकामनाओं की जरूरत है।’
धर्मेंद्र स्ट्रगलिंग एक्टर जैसा बर्ताव क्यों कर रहे -ट्रोलर
धर्मेंद्र के इस लुक पर एक ट्रोलर ने लिखा- धर्मेंद्र स्ट्रग्लिंग एक्टर जैसा बर्ताव क्यों कर रहे हैं?’
इस पर धरम पाजी ने बड़े ही खूबसूरत ढंग से जवाब दिया। उन्होंने लिखा- वैष्णव, जीवन हमेशा एक स्ट्रगल है। हर कोई स्ट्रगल ही कर रहा है। आराम का मतलब आपके प्यारे सपनों का अंत होता है।’


फैंस ने लगाई ट्रोलर की क्लास
सोशल मीडिया पर ट्वीट सामने आते ही फैंस ने ट्रोलर की क्लास लगा दी। एक यूजर ने लिखा- ‘कुछ लोग न जाने कैसे हिम्मत रखते हैं कि वो किसी ऐसी हस्ती से सवाल करें, जो 9 जन्मों में भी उन्हें छू नहीं सकते हैं। सर आपको प्यार और सम्मान, हमें ऐसे ही सरप्राइज देते रहा करें।’

धर्मेंद्र के जवाब पर फैंस हुए मुरीद
धर्मेंद्र का जवाब देखकर फैंस उनके कायल हो गए। एक यूजर ने कमेंट सेक्शन में धर्मेंद्र की तारीफ करते हुए लिखा- ‘सर आजकल दुनिया को ज्यादा-ज्यादा पॉजीटिविटी और विनम्रता की जरूरत है। प्यार फैलाते रहिए सर। आप अरबों लोगों के रोल मॉडल हैं।’
इस पर धर्मेंद्र ने अपने फैन को जवाब देते हुए लिखा- कुलदीप मैं हमेशा प्यार और शांति के लिए प्रार्थना करता हूं। सोशल मीडिया इस तरह का नेक काम करने के लिए अच्छा साधन है। भगवान आपका भला करें।’

वेलेंटाइन डे पर हुई थी वेब सीरीज की अनाउंसमेंट
14 फरवरी को मुंबई में हुए एक इवेंट में वेब सीरीज की अनाउंसमेंट की गई थी। जहां धर्मेंद्र के अलावा सीरीज की अन्य स्टार कास्ट भी पहुंचे थे। ये सीरीज जल्द जी 5 पर स्ट्रीम की जाएगी।
बता दें कि वेब सीरीज में धर्मेंद्र, अदिति राव हैदरी, नसीरुद्दीन शाह, आशिमा गुलाटी, शुभम कुमार मेहरा, ताहा शाह और संध्या मृदुल मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे।
वेब सीरीज ताज:डिवाइडेड बाय ब्लड की कहानी
सीरीज की कहानी मुगल शासन काल की है, जब अकबर अपनी विरासत के लिए एक योग्य उत्तराधिकारी का चुनाव कर रहे थे। सीरीज अकबर के शासन के दौर की कला, कविता, क्रूरता और वास्तुकला के बारे में बताएगी। हालांकि, इससे पहले भी कई फिल्में अकबर के शासन काल की कहानी दिखा चुकी हैं। ऐसे में देखना दिलचस्प होगा ये सीरीज क्या नया लेकर आती है।



