तुर्किए-सीरिया में भूकंप से 19 हजार मौतें : भारत ने भेजी राहत सामग्री से भरी छठी फ्लाइट, बहाल हुई ट्विटर सर्विस, देखें VIDEO…

तुर्किये और सीरिया में भूकंप से अब तक 19 हजार से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है. करीब 65 हजार लोग घायल हुए हैं. कई लोग अब भी मलबे में दबे हुए हैं. भारत लगातार वहां के लोगों की मदद करने में जुटा है. भारत सरकार ‘ऑपरेशन दोस्त’ के तहत राहत सामग्री भेज रही है. आज भारत ने राहत सामग्री से भरी छठी फ्लाइट तुर्किए भेजी है. विदेश मंत्री एस जयशंकर ने जानकारी देते हुए कहा, आज छठा विमान तुर्किए पहुंच गया है. आधिकारिक जानकारी के मुताबिक, भारत के छठे विमान 5 C-17 IAF विमान में 250 से अधिक बचाव कर्मी, विशेष उपकरण और 135 टन से अधिक की राहत सामग्री भेजी गई है. भूकंप के कारण मलबे में दबे लोगों को निकालने और वहां घायल लोगों को इलाज देने के लिए भारत हर मुमकिन प्रयास में जुटा है. छठी फ्लाइट में बचाव दल, डॉग स्क्वाड, दवाएं और अन्य जरूरी सामान भेजे गए हैं. फील्ड अस्पताल में डॉक्टर्स घायलों का इलाज कर रहे हैं.

भूकंप से 65 हजार से ज्यादा लोग घायल हुए हैं. विदेश मंत्री ने फील्ड अस्पताल की तस्वीरों को शेयर कर लिखा, तुर्किए के हटे में भारत का ये फील्ड अस्पताल घायलों का इलाज करेगा. विदेश मंत्री एस जयशंकर ने एक अन्य ट्वीट में एनडीआरएफ की तस्वीर को शेयर करते हुए लिखा, एनडीआरफ की टीम बचाव अभियान में जुटी है.

तुर्किये में बहाल हुई ट्विटर सर्विस
तुर्किये में सरकार ने एक बार फिर से ट्विटर सर्विस बहाल कर दी है. सरकार ने ट्विटर के अधिकारियों के साथ मीटिंग कर उन्हें दुष्प्रचार और कंटेंट हटाने को लेकर नियम याद दिलाए. दरअसल बुधवार को तुर्किये में ट्विटर को ब्लॉक कर दिया गया था.

देश में कोई भी बेघर नहीं रहेगा : राष्ट्रपति
सरकार के खिलाफ लोगों के गुस्से को देखते हुए राष्ट्रपति एर्दोगन ने कहा, भूकंप के बाद सरकार की शुरुआती प्रतिक्रियाओं में कमियां थीं. दरअसल, भूकंप के बाद कई इलाकों में लोगों तक बचावकर्मी या राहत समग्री नहीं पहुंची थी. हालांकि, राष्ट्रपति एर्दोगन ने कहा कि सभी लोगों की मदद के लिए सरकार हरसंभव कोशिश कर रही है और देश में कोई भी बेघर नहीं रहेगा. इधर, मदद के लिए WHO और UN समेत दुनियाभर के 70 से भी ज्यादा देश आगे आए हैं. लोकल मीडिया के मुताबिक, सीरिया में 3 लाख लोगों को मजबूरन अपना घर छोड़ना पड़ा है

.

Recent Stories