छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव में रविवार को बीच चौक पर खड़ी बस में आग लग गई। आग इतनी भीषण थी कि दूर से ही लपटें और काले धुंए का गुबार दिखाई दे रहा था। लोगों ने देखा तो फायर ब्रिगेड को सूचना दी। हालांकि जब तक आग पर काबू पाया गया। बस जलकर खाक हो चुकी थी। आग लगने का कारण पता नहीं चल सका है। बताया जा रहा है कि बस करीब दो साल से वहीं चौक पर खड़ी थी।
जानकारी के मुताबिक, शहर के कोतवाली क्षेत्र के गंज चौक पर खड़ी बस में अचानक से आग लग गई। बस से धुआं निकलते देख आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। हालांकि जब तक फायर ब्रिगेड की गाड़ी पहुंची आग विकराल रूप ले चुकी थी। यह देखकर पुलिस ने सड़क पर चल रहे ट्रैफिक को रुकवा दिया। दमकलों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
बस में आग लगने का कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। अभी यह भी पता नहीं चल सका है कि बस का मालिक कौन है। फिलहाल पुलिस सारे सवालों के जवाब तलाश कर रही है। वहीं इस बात को लेकर भी चर्चा है कि शहर के चौक पर दो साल से बस खड़ी थी, लेकिन कभी इसको लेकर पुलिस ने न कोई आपत्ति की और न ही जांच की गई।


