इंदौर में 17वें प्रवासी भारतीय सम्मेलन का आज दूसरा दिन है। खराब मौसम के कारण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी निर्धारित समय से देरी से इंदौर पहुंचे। उन्हें सुबह 10 बजे आना था। वे करीब 11 बजे इंदौर एयरपोर्ट पर लैंड हुए। यहां से PM ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर पहुंचे। गुयाना के राष्ट्रपति मोहम्मद इरफान अली और सूरीनाम के राष्ट्रपति चंद्रिका प्रसाद संतोखी को रिसीव किया।
ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर के ग्रैंड हॉल में विदेश मंत्री एस जयशंकर ने स्वागत संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री के विजन और मार्गदर्शन से हमें अपने लक्ष्य हासिल करने में सफलता मिलेगी। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा, आजादी के अमृत काल में मुझे ऐसा लग रहा है कि मध्यप्रदेश में अमृत वर्षा हो रही है। इंदौर ने अपने दिल के दरवाजे भी खोले हैं और अपने घरों के दरवाजे भी खोले हैं। प्रधानमंत्री के एक-एक मंत्र को मध्यप्रदेश ने साकार करने की कोशिश की है। आज भारत दुनिया को शांति और प्रेम का संदेश दे रहा है। पश्चिमी देश और रूस से अगर कोई कह सकता है तो वे केवल नरेंद्र मोदी जी हैं, जिन्होंने कहा कि युद्ध नहीं, शांति चाहिए। सीएम ने कहा- भारत में दो नरेन्द्र हुए हैं… 100 साल पहले एक नरेंद्र स्वामी विवेकानंद जी थे जिन्होंने भारत को विश्व गुरु बताया था। आज दूसरे नरेंद्र के नेतृत्व में ये कार्य हो रहा है। विश्वगुरु बनने की और अग्रसर है। माफी चाहता हूं, हाल छोटा पड़ गया, लेकिन दिल में जगह की कमी नहीं है।
सूरीनाम के राष्ट्रपति चंद्रिका प्रसाद संतोखी ने अपनी स्पीच की शुरुआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को प्रणाम कर की। उन्होंने कहा, प्रधानमंत्री आपको हृदय से मेरा नमस्कार और प्रणाम। हम अपने देश में हिंदी लैंग्वेज, कल्चर, आयुर्वेद पर ट्रेनिंग सेंटर बनाने पर काम कर रहे हैं। हिंदी लैंग्वेज के स्कूलों पर भी हमारा फोकस है। ये एक मेमोरेबल पल है। जननी और मातृभूमि स्वर्ग से भी बढ़कर होती है। सूरीनाम की जनता की ओर से मैं मध्यप्रदेश और भारत सरकार का आभार प्रकट करता हूं, जो आदर-सत्कार मुझे और मेरे प्रतिनिधिमंडल को मिला है। यह सम्मेलन हम दोनों देशों के आपसी सहयोग को बढ़ाने में मददगार साबित होगा।
गुयाना के राष्ट्रपति मोहम्मद इरफान अली ने कोरोना काल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा उठाए गए कदमों की सराहना की। प्रधानमंत्री सबका साथ, सबका विकास और सबका सम्मान को साथ लेकर चल रहे हैं। महात्मा गांधी को याद करते हुए कहा कि इंडिया का फ्रीडम स्ट्रगल भी दूसरे देशों के लिए इंस्पायरिंग है।
प्रवासी भारतीय सम्मेलन का दूसरा दिन, अपडेट्स…
- सुबह 11 बजे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एयरपोर्ट पर लैंड हुए। खराब मौसम के कारण निर्धारित समय से लेट हो गए। उन्हें सुबह 10 बजे आना था। एयरपोर्ट पर राज्यपाल मंगूभाई पटेल, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा, मंत्री तुलसी सिलावट, मंत्री उषा ठाकुर, इंदौर महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने PM को रिसीव किया।
- सुबह 10.15 बजे मॉरिशस से आए एक NRI की ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर के ग्रैंड हॉल में तबीयत बिगड़ गई। ऐसा बताया गया कि उन्हें अटैक आया। तुरंत उन्हें मेडिकल फैसिलिटी प्रोवाइड कराई गई।
- सुबह 9.45 बजे हॉल फुल होने पर एंट्री बंद कर दी गई। हॉल की कैपेसिटी 2200 लोगों के बैठने की है। 3000 से ज्यादा लोग पहुंए गए। कुछ NRI जबरदस्ती गेट खोलकर घुसे। उन्हें बड़े गेट पर फिर रोका गया। धक्कामुक्की में दो लोगों को हाथ में चोट आई है। स्पेन से आए जगदीश फोबयानी ने कहा, टाइम से पहले पहुंचने के बाद भी हमें अंदर नहीं जाने दिया गया। कह रहे हैं कि हॉल की कैपेसिटी फुल हो गई है। नाइजीरिया से आए देवेश कुमार मिश्रा ने कहा कि हम 8.30 बजे आ गए थे। अंदर जाने नहीं दिया गया। ऐसा रहा तो हम वापस चले जाएंगे।
लंच खुद होस्ट करेंगे PM मोदी
दोपहर 1 बजे से लंच होगा। इसे PM खुद होस्ट करेंगे। लंच में 102 गेस्ट शामिल होंगे। इनमें गुयाना से राष्ट्रपति सहित 4, सूरीनाम के राष्ट्रपति सहित 5, ऑस्ट्रेलिया से जेनेटा मस्केरेन्हैंस,पनामा से 3, मलेशिया से 2, मॅरीशस से 7, UK से मेयर ऑफ साउथ वॉक सुनील चोपड़ा, 24 पेनलिस्ट और 27 प्रवासी भारतीय सम्मान लेने वाले शामिल होंगे।
इनके अलावा केंद्रीय मंत्री एस जयशंकर, मनसुख मांडविया, वी. मुरलीधरन, मीनाक्षी लेखी, राजकुमार रंजन सिंह, विदेश सचिव विनय क्वात्रा सहित 10 और मप्र से राज्यपाल, मुख्यमंत्री, मुख्य सचिव, डीजीपी, गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा, सांसद शंकर लालवानी, एसीएस मोहम्मद सुलेमान और दो फ्रेंड्स ऑफ MP के प्रतिनिधि शामिल होंगे।



