सोशल मीडिया में एक न्यूज वायरल हो गई। इसमें लिखा था कि ‘टारगेट पूरा करने विवाहितों की करा सकते हैं शादी। इस बयान को छत्तीसगढ़ की महिला बाल विकास मंत्री से जोड़कर पेश किया गया। अब इस मामले में मंत्री भेंड़िया ने नाराजगी जताई है। उन्होंने कहा कि दो साल पुरानी खबर को तोड़ मरोड़कर राज्य सरकार के खिलाफ झूठा प्रचार किया जा रहा है। महिला एवं बाल विकास मंत्री अनिला भेंड़िया ने कहा है कि राज्य सरकार की छवि धूमिल करने के उद्देश्य से भ्रामक और गलत ढ़ंग से गलत तथ्यों को सोशल मीडिया में वायरल किया जा रहा है।
मंत्री का दावा है कि समाचार पत्र में उनके बयान को तोड़-मरोड़ कर प्रस्तुत किया गया है। उन्होंने टारगेट पूरा करने के लिए विवाहितों की शादी कराने जैसा कोई बयान नहीं दिया है। उन्होंने कहा है कि राज्य सरकार महिला एवं बाल विकास विभाग के माध्यम से मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत कमजोर वर्ग के परिवारों की विवाह योग्य बेटियों की शादी के सपनों को पूरा करने का भरसक प्रयत्न कर रही है।
शादी के लिए राशि बढ़ाई गई
राज्य सरकार ने योजना के तहत कन्या विवाह हेतु राशि 15 हजार रूपए से बढ़ाकर 25 हजार रूपए कर दी है। बढ़ी हुई दर पर 6 हजार से अधिक कन्याओं का विवाह संपन्न कराया गया है। पिछले साल 27 फरवरी को छत्तीसगढ़ में एक साथ 22 जिलों में सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया था। कोरोना महामारी को ध्यान में रखते हुए सभी जिले वर्चुअली जुड़े थे। पहली बार प्रदेश में एक साथ 3 हजार 229 जोड़ों का विवाह सम्पन्न हुआ। इसे गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में भी दर्ज किया गया था।


