नारायणपुर जिले में दो समुदायों के बीच हुई झड़प और पुलिस जवानों पर हमला करने वाले 5 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। जिन्हें न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है। इस मामले में अब तल कुल 11 लोगों की गिरफ्तारी की जा चुकी है। बताया जा रहा है कि, गिरफ्तार किए गए आरोपियों ने कई खुलासे भी किए हैं। अब पुलिस इस उपद्रव के मामले में आरोपियों तक पहुंच रही है। मामला ऐड़का थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक, 1 जनवरी को जिले के गोर्रा गांव में धर्मांतरण को लेकर धर्मांतरित परिवार और गांव के ग्रामीण बैठक कर रहे थे। इस बीच दोनों पक्षों में विवाद बढ़ गया था। जिसके बाद ऐड़का थाना के जवानों को मौके के लिए बुलाया गया था। पुलिस ने मामला शांत करवाने की कोशिश की। लेकिन, विवाद इतना बढ़ गया कि, यहां मौजूद कुछ लोगों ने पुलिस पर ही हमला कर दिया था। जिससे TI समेत कुछ जवान घायल हो गए थे। इस मामले के दूसरे दिन यानी 2 जनवरी को हजारों की संख्या में लोग नारायणपुर पहुंचे और वहां चर्च में जमकर तोड़फोड़ की थी।
ऐसे हुई गिरफ्तारी
बताया जा रहा है कि, गोर्रा गांव में हुई घटना में पुलिस ने सबसे पहले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया था। उन तीनों आरोपियों ने कई लोगों के नामों का खुलासा किया। जिसके बाद पुलिस ने 4 और 5 जनवरी को गोर्रा गांव में हुई घटना के तीन और आरोपियों को गिरफ्तार किया था। कुल 6 आरोपी जेल भेजे जा चुके हैं। अब रविवार को पुलिस ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया है कि, सिर्फ गोर्रा गांव में ही हुई घटना के और 5 आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़े हैं। इनमें प्रेमसागर नेताम (45), लच्छू करंगा (32), सन्तुराम दुग्गा (35), पुनूराम दुग्गा (45) और राजमन करंगा (46) शामिल हैं।
नारायणपुर घटना के भी 11 गिरफ्तार
नारायणपुर में हुई हिंसक घटना के बाद पुलिस सख्त हो गई है। लगातार CCTV फुटेज और इस घटना के जीतने भी वीडियो सामने आए हैं पुलिस उसे खंगाल रही है। इन्हीं आधारों पर पुलिस ने निरंजन करंगा (22), रमेश पोटाई (35), सुकमन नेताम (22), लहरू राम नेताम (33), मंगउ राम कावड़े (32) और राजु राम दुग्गा (32) को गिरफ्तार किया है। सभी की पहचान कर उन्हें एक-एक कर घर से उठाया गया है। अब तक कुल 11 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इधर, पुलिस अफसरों का कहना है कि, इस मामले में शामिल और भी कई आरोपी हैं जिन्हें जल्द ही पकड़ा जाएगा।
भ्रामक पोस्ट करने वालों पर होगी कार्रवाई
छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले में तनावपूर्ण माहौल के बीच शांति स्थापित करने IG, कलेक्टर ने जिले के जनप्रतिनिधि, व्यापारी समेत विभिन्न वर्गों के साथ बैठक की है। इस बैठक में अफसरों ने कहा कि, नारायणपुर की घटना को लेकर यदि कोई भी व्यक्ति सोशल मीडिया में भ्रामक पोस्ट शेयर करता है तो उसपर सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। नारायणपुर में शांति स्थापित करने का प्रयास किया जा रहा है। अफसरों का दावा है कि, अभी जिले में स्थित कंट्रोल में है।


