नारायणपुर उपद्रव के 6 और आरोपी गिरफ्तार:चर्च में तोड़फोड़, SP और पुलिस जवानों पर किए थे हमला, पुलिस खंगाल रही वायरल वीडियो

नारायणपुर में चर्च में तोड़फोड़ समेत SP और पुलिस जवानों पर हमला करने वाले 6 और आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। जिन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है। इससे पहले इसी मामले में भाजपा के जिला अध्यक्ष समेत 5 लोगों को जेल भेजा जा चुका है। सिर्फ नारायणपुर में ही हुए उपद्रव के मामले में पुलिस ने अब तक 11 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

दरअसल, नारायणपुर में हुई हिंसक घटना के बाद पुलिस सख्त हो गई है। लगातार CCTV फुटेज और इस घटना के जीतने भी वीडियो सामने आए हैं पुलिस उसे खंगाल रही है। इन्हीं आधार पर पुलिस ने निरंजन करंगा (22), रमेश पोटाई (35), सुकमन नेताम (22), लहरू राम नेताम (33), मंगउ राम कावड़े (32) और राजु राम दुग्गा (32) को गिरफ्तार किया है। सभी की पहचान कर उन्हें एक-एक कर इनके घर से उठाया गया है। इधर, पुलिस अफसरों का कहना है कि, इस मामले में शामिल और भी कई आरोपी हैं जिन्हें जल्द ही पकड़ा जाएगा।

ऐड़का की घटना के आरोपी भी गिरफ्तार

नारायणपुर जिले में हुए उपद्रव की शुरुआत ऐड़का थाना के गोर्रा गांव से हुई थी। 1 जनवरी को इस गांव में दो पक्षों के बीच जमकर विवाद हुआ। जिसके बाद पुलिस मामले को शांत करवाने पहुंची तो कुछ लोगों ने पुलिस पर ही हमला कर दिया था। अगले दिन 2 जनवरी को नारायणपुर में जमकर तोड़फोड़ हुई। हालांकि, ये उपद्रव फैलाने वाले किस संगठन, गुट, या फिर पार्टी के थे ये अब तक स्पष्ट नहीं हो पाया है। गोर्रा गांव की घटना में शामिल अब तक कुल 6 लोगों की गिरफ्तारी की जा चुकी है।

भ्रामक पोस्ट करने वालों पर होगी कार्रवाई

छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले में तनावपूर्ण माहौल के बीच शांति स्थापित करने IG, कलेक्टर ने जिले के जनप्रतिनिधि, व्यापारी समेत विभिन्न वर्गों के साथ बैठक की है। इस बैठक में अफसरों ने कहा कि, नारायणपुर की घटना को लेकर यदि कोई भी व्यक्ति सोशल मीडिया में भ्रामक पोस्ट शेयर करता है तो उस पर सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। नारायणपुर में शांति स्थापित करने का प्रयास किया जा रहा है। अफसरों का दावा है कि, अभी जिले में स्थित कंट्रोल में है।

.

Recent Stories