रूस का यूक्रेन पर हमला लगातार 6वें दिन भी जारी है। भारत ने युद्ध में फंसे अपने देशवासियों को वापस लाने के लिए ऑपरेशन गंगा चलाया है। इसके तहत भारतीय नागरिकों को लेकर तीन अन्य फ्लाइटें यूक्रेन से भारत के लिए रवाना हो चुकी हैं। इनमें से एक फ्लाइट सुबह 9:30 बजे मुंबई पहुंचेंगी। भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर ने ट्वीट कर बताया कि यूक्रेन में फंसे भारतीय को वापस लाने के लिए हमारी कोशिश लगातार जारी है। इसी क्रम में ऑपरेशन गंगा के तहत 9वीं उड़ान भी बुखारेस्ट से नई दिल्ली के लिए रवाना हो चुकी है। यह फ्लाइट 218 नागरिकों को वापस लेकर आ रही है।
विदेश मंत्री ने बताया कि यूक्रेन में फंसे भारतीय को लेकर 8वीं फ्लाइट बुडापेस्ट से नई दिल्ली के लिए रवाना हो चुकी है। इस फ्लाइट में 216 भारतीय नागरिक वापस आ रहे हैं। बता दें कि ऑपरेशन गंगा के तहत अब तक 6 फ्लाइट से कुल 1,436 भारतीयों को देश वापस लाया जा चुका हैं।
28 फरवरी को भारतीय समय के अनुसार दोपहर 1:50 बजे 7वीं फ्लाइट (एयर इंडिया एक्सप्रेस IX 1201) मुंबई से रोमानिया के बुखारेस्ट के लिए रवाना हुई। ये फ्लाइट बुखारेस्ट में 6:15 बजे पहुंचेगी। विमान में 182 लोगों को लाया जाएगा, जो बुखारेस्ट से शाम 7:15 बजे उड़ान भरेगी और आज सुबह 9:30 बजे मुंबई पहुंचेगी।